Home » कटनी » गणेश उत्सव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मड़ई में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की कार्यशाला आयोजित

गणेश उत्सव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मड़ई में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की कार्यशाला आयोजित

News Portal Development Companies In India

गणेश उत्सव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मड़ई में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की कार्यशाला आयोजित

‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान के तहत हर घर मिट्टी के गणेश स्थापित करने का लिया संकल्प

कटनी। गणेश उत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी द्वारा सेक्टर स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कन्हवारा सेक्टर के ग्राम मड़ई में नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी के सहयोग से ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत ‘हर घर गणेश, घर-घर गणेश’ के उद्देश्य से मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जबलपुर संभाग के संभाग समन्वयक रवि बर्मन, जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र और बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गणेश उत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के स्थान पर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और पूजन को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष विकासखंड स्तर के साथ-साथ सेक्टर स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल ने लोगों से अपने घरों में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं के विसर्जन से प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण सुरक्षित रखा जा सकता है।

आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले ने प्रतिभागियों को गांव में सामूहिक रूप से मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर 10 दिनों तक उत्साहपूर्वक पूजन और उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही घरों में गमलों या छोटे गड्ढों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने का संदेश दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक एवं परामर्शदाता श्रीमती रूपा बर्मन ने प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि सिखाई। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों ने स्वयं अपने हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान सुमधुर भजनों के बीच ग्रामीणों, नवांकुर सखियों और ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों से जुड़े प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मड़ई के रोजगार सहायक अभिषेक त्रिपाठी, नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक शिवकुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गनपत लाल कोल, प्रस्फुटन समिति की सचिव श्रीमती ममता त्रिपाठी, सदस्य विकास गौतम सहित बड़ी संख्या में माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?