कटनी गुदरी गांव में निजी मकान में बाल मुकुंद सोनी और उनका परिवार कर रहा इलाज,स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल
कटनी/तेवरी। कटनी जिले के तेवरी क्षेत्र के अंदर स्थित गुदरी गांव में एक निजी मकान में कथित रूप से लंबे समय से मरीजों का इलाज किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, बाल मुकुंद सोनी और उनके पुत्र द्वारा मकान में मरीजों को कमरों में लिटाकर अंग्रेजी दवाइयां, इंजेक्शन और बोतल चढ़ाने जैसी चिकित्सा गतिविधियां की जा रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यहां गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों का इलाज किया जा रहा है। इतना ही नहीं, दांतों के इलाज से जुड़े व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर MBBS डॉक्टर की तरह मरीजों का उपचार किए जाने की बात भी सामने आई है। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला गंभीर स्वास्थ्य एवं कानूनी अनियमितता का हो सकता है।
बताया जा रहा है कि गांव में यह गतिविधि कई वर्षों से संचालित होने की चर्चा है और इसके जरिए बड़ी रकम अर्जित किए जाने के आरोप भी ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि इतने लंबे समय से निजी मकान में मरीजों का इलाज किया जा रहा था, तो स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल पंजीयन, क्लिनिक की वैधता, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जांच कराने की मांग की है।
साथ ही यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि संबंधित परिवार को स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों अथवा अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, संरक्षण के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि कटनी स्वास्थ्य विभाग इस मामले में जांच कर कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों के आरोपों के बावजूद मामला यूं ही ठंडे बस्ते में पड़ा रहता है।

