पन्ना मध्य प्रदेश
सेवा संकल्प अभियान के तैयारियों की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा
बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केे जन्म दिवस पर गुरूवार, 17 सितम्बर से आरंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार द्वारा रविवार को समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई बैठक के अवसर पर उन्होंने जिम्मेवारीपूर्वक दायित्वों के निर्वहन के लिए संबंधितजनों को निर्देशित किया। शासन के निर्देशानुसार निरंतर एक माह तक संचालित होने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान में निर्धारित अवधि में विभागवार सेवा गतिविधियों सहित अन्य गतिविधियां भी संचालित होंगी। संपादित कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा भी की जाएगी।
प्रभारी मंत्री श्री परमार ने निर्देश दिए कि जनभागीदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ अभियान को सफल बनाएं। अभियान में अधिकतम सामूहिक गतिविधियां करें। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी न हो। टीम वर्क के साथ कार्य कर अभियान के सभी प्रकल्पों से जुड़ें। इस अभियान की शुरूआत वृहद स्तर पर आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। शैक्षणिक संस्थाओं में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। आंगनबाड़ी उत्सव सहित यात्रा और हितग्राही सम्मान आदि के कार्यक्रम भी होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अनिवार्य रूप से सहभागी बनें। उन्होंने विभागवार की गई तैयारियों और प्रचार-प्रसार की रूपरेखा के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र तक भी अभियान का व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। प्रत्येक गतिविधि की मॉनिटरिंग के साथ पोर्टल और वेबसाइट पर वांछित जानकारी भी दर्ज की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर सर्वसमाज की सहभागिता से उल्लासमय वातावरण में विविध कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित हो। प्रभारी मंत्री द्वारा बैठक में दक्षिण पन्ना के अनोखे वृक्ष नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नपा अध्यक्ष मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, जनपद पंचायत पवई की अध्यक्ष मोहिनी मिश्रा सहित सतानंद गौतम, कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, डीएफओ अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

