पर्यूषण पर्व पर जैन मंदिरों में गूंजा णमोकार मंत्र, वासुपूज्य भगवान को चढ़ाया निर्वाण लाड़ू
कटनी। दिगंबर जैन समाज के पर्वराज पर्यूषण पर्व के शुभ अवसर पर नगर के विभिन्न जैन मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। पर्व के दौरान प्रातःकाल मंदिरों में पूजन-अभिषेक तथा रात्रि में महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पर्यूषण पर्व के अंतर्गत समाजजनों द्वारा लाड़ू सजाओ प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, धार्मिक तंबोला, टिकुल दशमी, अंताक्षरी, फैंसी ड्रेस एवं भजन प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं महावीर कीर्ति स्तंभ में णमोकार मंत्र का अखंड पाठ एवं भक्ताम्बर स्तोत्र का अखंड पाठ भी श्रद्धापूर्वक किया गया।
आज श्री 1008 वासुपूज्य भगवान के निर्वाण कल्याणक दिवस के अवसर पर जैन मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए और श्रद्धालुओं द्वारा भगवान को निर्वाण लाड़ू समर्पित किया गया। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और भक्तिभाव के साथ पूजन-अभिषेक एवं धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।
इन आयोजनों में दिगंबर जैन पंचायत महासभा, आचार्य विद्यासागर नवयुवक मंडल, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप रॉयल, अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, जैन मिलन गुरुभक्त मंडल, चेतनोदय भक्ति संघ, ज्ञानोदय भक्त मंडल, हाउसिंग बोर्ड जैन मंदिर, गौशाला जैन मंदिर भक्ति मंडली, बंगला मंदिर भक्तगण सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
पर्यूषण पर्व के चलते जैन मंदिरों में प्रतिदिन धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। समाजजनों ने पर्व को आत्मशुद्धि, संयम, तप और धार्मिक साधना के रूप में मनाते हुए श्रद्धा के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
पर्यूषण पर्व पर जैन मंदिरों में गूंजा णमोकार मंत्र, वासुपूज्य भगवान को चढ़ाया निर्वाण लाड़ू
The Bharat Varsh
- Also Read This

