Home » कटनी » दिनदहाड़े लाखो की चोरी: मंदिर दर्शन करने गए थे गृहस्वामी, लौटे तो टूटे मिले ताले

दिनदहाड़े लाखो की चोरी: मंदिर दर्शन करने गए थे गृहस्वामी, लौटे तो टूटे मिले ताले

News Portal Development Companies In India

*दिनदहाड़े लाखो की चोरी: मंदिर दर्शन करने गए थे गृहस्वामी, लौटे तो टूटे मिले ताले
कटनी। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत निमिया मोहल्ला में चोरों के दुस्साहस का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की रकम की अधिकृत पुष्टि पुलिस ने नहीं किया है। अभी जांच का विषय है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कन्या भोज के बाद दर्शन करने गए थे परिजन
जानकारी के अनुसार, निमिया मोहल्ला निवासी रत्नेश कुमार नेमा के घर में सोमवार को कन्या भोज का आयोजन किया गया था। आयोजन संपन्न होने के बाद दोपहर करीब 12:15 बजे परिवार के सदस्य जालपा मढ़िया में प्रसाद चढ़ाने और दर्शन करने के लिए गए थे।
जब परिवार दोपहर लगभग 1:30 बजे वापस लौटा, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। महज सवा घंटे की अवधि के भीतर अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे समेत अंदर के कमरों और अलमारियों के ताले तोड़ डाले थे।

सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार
चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और नकदी पार कर दिए तथा पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

डायल 112 पर दी सूचना, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना का पता चलते ही गृहस्वामी ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्ति मकान के आसपास मंडराते दिखाई दिए हैं।

रेकी की आशंका
दिनदहाड़े महज एक घंटे के समय में हुई इस बड़ी वारदात से प्रतीत होता है कि चोरों ने पहले से मकान की रेकी कर रखी थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। इस वारदात के बाद से इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल है।

अभिमन्यु विश्वकर्मा की खास रिपोर्ट

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?