कटनी में खाकी वर्दी की आड़ में अवैध वसूली का आरोप, नगर रक्षा समिति के सदस्य पर उठे सवाल
कार्य क्षेत्र से हटाए जाने के बाद भी वर्दी पहनकर लोगों को डराने और ₹200 से ₹500 तक वसूली करने की शिकायत, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल
कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर रक्षा समिति (NRS) से जुड़े अखिलेश मिश्रा को लेकर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यक्षेत्र से हटाए जाने के बाद भी वह खाकी वर्दी पहनकर लोगों पर रौब झाड़ रहा है और गरीब तथा आम नागरिकों को डराने-धमकाने के बाद उनसे ₹200 से ₹500 तक की राशि वसूल रहा है।
मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि संबंधित व्यक्ति को कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा कार्यक्षेत्र से हटा दिया गया था, तो फिर वह किस अधिकार से खाकी वर्दी पहनकर लोगों के बीच सक्रिय है? क्या उसे वर्दी पहनने और पुलिस जैसी कार्यवाही करने की अनुमति है? यदि आरोप सही हैं, तो यह आम नागरिकों के साथ गंभीर अन्याय का मामला है।
जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर सवाल
इस कथित वसूली को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आम नागरिकों के मन में यह सवाल है कि यदि कोई व्यक्ति वर्दी का रौब दिखाकर अवैध रूप से पैसे वसूल रहा है, तो उसके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है?
अब देखना होगा कि कटनी पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाती है या नहीं। साथ ही, यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि संबंधित व्यक्ति को खाकी वर्दी पहनने और किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने का अधिकार प्राप्त है या नहीं।

