ऑपरेशन मुस्कान में बड़वारा पुलिस को सफलता, सहारनपुर से 15 वर्षीय अपहृत बालिका दस्तयाब

तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने तलाश कर बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया, एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कटनी। जिले की बड़वारा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से 15 वर्षीय अपहृत बालिका को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बालिका के परिजनों ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 591/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से बालिका की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद 28 अक्टूबर 2026 को बालिका को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दस्तयाब कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
बालिका की दस्तयाबी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक नीलेश दुबे, महिला आरक्षक रुपाली यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की विशेष भूमिका रही।
बड़वारा पुलिस की इस कार्रवाई को नाबालिगों की तलाश और उनकी सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

