हिरवारा में दबंगई! रिटायर्ड GRP कर्मचारी पर डंडों से जानलेवा हमला, सिर फोड़कर किया लहूलुहान; अवैध शराब कारोबार के आरोपों से जुड़े राहुल गुप्ता सहित चार पर गंभीर आरोप
घर के सामने घेरकर की गाली-गलौज और मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे दो लोगों ने बचाई जान; जाते-जाते दी जान से खत्म करने की धमकी
कटनी। ग्राम हिरवारा में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। अवैध शराब बिक्री के आरोपों से जुड़े हिरवारा निवासी राहुल गुप्ता और उसके साथियों पर एक रिटायर्ड जीआरपी कर्मचारी के साथ जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर राहुल गुप्ता, लल्ला कुम्हार, पवन बर्मन और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है।
पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान चारों आरोपी उसके घर के सामने पहुंचे और पुरानी बातों को लेकर मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पवन बर्मन ने हाथ में रखे डंडे से हमला कर दिया। डंडा सिर के सामने वाले हिस्से में लगने से पीड़ित लहूलुहान हो गया और सिर से खून बहने लगा। इसके अलावा दाहिने पैर, हाथ और पीठ में भी चोटें आईं।
दो लोगों ने बीच-बचाव कर बचाई जान
घटना के दौरान पीड़ित के यहां काम करने वाले लखन लाल बर्मन और जगदीश प्रसाद चौधरी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से बचाया। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी धमकी देकर गए कि आज तो बच गया, लेकिन यदि दोबारा नेतागिरी की तो जान से खत्म कर देंगे।
अवैध शराब कारोबार के आरोपों से भी जुड़ा मामला
हिरवारा निवासी राहुल गुप्ता पर अवैध शराब बिक्री से जुड़े आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल रिटायर्ड जीआरपी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट और जान से मारने की कथित धमकी ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है।
पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

