Home » कटनी » कटनी » कटनी: रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड को महापौर की बड़ी सौगात, 50.15 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य

कटनी: रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड को महापौर की बड़ी सौगात, 50.15 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य

News Portal Development Companies In India

कटनी: रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड को महापौर की बड़ी सौगात, 50.15 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य

सीसी सड़क निर्माण से राहगीरों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, गरीब परिवारों के मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बनेगा सामुदायिक भवन

कटनी, 17 अक्टूबर 2026। शहर के रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की है। महापौर प्रीति संजीव सूरी की पहल पर वार्ड में कुल 50 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन विकास कार्यों का शुभारंभ वार्ड की कन्याओं के करकमलों से क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव, एमआईसी सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया।

इन निर्माण कार्यों से जहां वार्डवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को छोटे-मोटे मांगलिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए एक उपयोगी स्थान भी उपलब्ध होगा। नगर निगम की इस पहल को वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

25.31 लाख से बनेगी सीसी सड़क, विद्यार्थियों और राहगीरों को राहत

रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में पड़रवारा शासकीय स्कूल से बल्लू नाई के घर तक और आदिवासी बस्ती में सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लगभग 25 लाख 31 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। पक्की सड़क बनने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही मार्गों की स्थिति में सुधार होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

24.84 लाख रुपये से बनेगा सामुदायिक भवन

वार्ड में लगभग 24 लाख 84 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। यह भवन स्थानीय नागरिकों के सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होगा। खासकर उन गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इससे सहारा मिलेगा, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण अपने घरों में छोटे-मोटे मांगलिक आयोजन या सामाजिक बैठकें करने में परेशानी होती है।

गरीब परिवारों के लिए सामाजिक संबल बनेगा भवन: महापौर

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों के लिए सामाजिक संबल बनेगा। इसका उद्देश्य ऐसे परिवारों को सुसज्जित और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपने घरों में मांगलिक कार्य या सामाजिक आयोजन करने में असमर्थ रहते हैं। इस पहल से हर वर्ग के नागरिक अपने कार्यक्रम सम्मान और सहजता के साथ आयोजित कर सकेंगे।

पार्षद ने महापौर और निगम प्रशासन का जताया आभार

क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव ने कहा कि वार्ड में सीसी सड़क और सामुदायिक भवन, दोनों ही निर्माण कार्य नागरिकों की जरूरतों से जुड़े हैं। सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, जबकि सामुदायिक भवन उन परिवारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगा, जिन्हें निजी स्तर पर सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने इन विकास कार्यों के लिए महापौर प्रीति संजीव सूरी और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से वार्डवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?