Home » कटनी » अजय उर्फ अन्नू माली ने साथियों संग युवक को अगवा कर पीटा, सिगरेट से दागने का आरोप; कोतवाली पुलिस ने अजय और साहिल खान को किया गिरफ्तार

अजय उर्फ अन्नू माली ने साथियों संग युवक को अगवा कर पीटा, सिगरेट से दागने का आरोप; कोतवाली पुलिस ने अजय और साहिल खान को किया गिरफ्तार

News Portal Development Companies In India

अजय उर्फ अन्नू माली ने साथियों संग युवक को अगवा कर पीटा, सिगरेट से दागने का आरोप; कोतवाली पुलिस ने अजय और साहिल खान को किया गिरफ्तार


कटनी। युवक के अपहरण कर उसे बंधक बनाने, मारपीट करने और सिगरेट से दागकर प्रताड़ित करने के गंभीर मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली और उसके साथी साहिल खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अमन और उसका एक अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
बातचीत के बहाने घर ले गया अन्नू माली
पुलिस के मुताबिक फरियादी पंकज मेहरा पिता मुकेश मेहरा, उम्र 24 वर्ष, निवासी गायत्री नगर, कटनी, हाल निवासी रांझी बस्ती जबलपुर ने 15 सितंबर को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
फरियादी के अनुसार 12 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से वहां पहुंचा और उसे बातचीत के लिए अपने साथ मघई मंदिर के पास स्थित घर ले गया।
आरोप है कि घर पहुंचने के बाद अन्नू माली ने कुछ लोगों को फोन कर बुलाया। कुछ देर बाद तीन युवक वहां पहुंचे और पुरानी बात को लेकर पंकज के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की।
स्टेशन से दोबारा पकड़कर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार फरियादी किसी तरह वहां से निकलकर कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंचा और जबलपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार करने लगा। इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए स्टेशन पहुंच गए।
फरियादी का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाया और एनकेजे बजरिया स्थित अन्नू माली के मकान पर ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।
सिगरेट से हाथ और पीठ दागने का आरोप
पुलिस के अनुसार इसी दौरान एक युवक ने सिगरेट से फरियादी के हाथ और पीठ को दाग दिया। इससे उसके शरीर पर जलने के निशान आने की बात शिकायत में कही गई है।
शाम करीब 6 बजे फरियादी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया। इसके बाद 15 सितंबर को अपने भाई और मां के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
चंद घंटों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अन्नू माली ने बताया कि पंकज पूर्व में उसके यहां काम करता था और करीब दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी के कथन के अनुसार पंकज उसके कुछ फोटो और आवश्यक दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर उसने पंकज को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया और साथियों को फोन कर बुलाने की बात बताई।
साहिल खान भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अजय उर्फ अन्नू माली के मेमोरेण्डम के आधार पर साहिल खान पिता बबली खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर गली नंबर-1, कटनी को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक फरियादी को सिगरेट से दागने की घटना में साहिल के साथ आए एक अन्य युवक की भूमिका सामने आई है।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
मामले में अमन और उसका एक अन्य साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा दोनों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अप.क्र. 1053/2026 दर्ज कर धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 142, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी किशोर द्विवेदी, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. वीरेन्द्र तिवारी, रमाकांत तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, दीपक चक्रवर्ती, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह एवं विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?