बड़वारा पुलिस की जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई, 6 जुआरी गिरफ्तार; तीन दोपहिया वाहनों समेत करीब 2 लाख का मशरुका जब्त
कटनी। बड़वारा थाना पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम वाह-पौंड़ी के जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर रेड की। पुलिस ने मौके से 6 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से एक मोटरसाइकिल, दो स्कूटी सहित करीब 2 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में जुआ खेलने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही थी।
19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम वाह-पौंड़ी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से छह जुआरियों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामबिलास निषाद (38), विशाल निषाद (23), विकाश बंशल (21), प्रिंस उर्फ पलक वंशकार (32), रुस्तम खान (26) और दीपक सोनी (27) के रूप में हुई है। सभी कटनी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेने के साथ जुआ फड़ की भी जांच की। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी सहित कुल करीब 2 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी, गौरीशंकर राजपूत, बृजलाल प्रजापति एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।

