स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी रेड, 5 युवक और 10 युवतियां पुलिस के कब्जे में
बरगवां के नेचुरल और आवा स्पा सेंटर पर दबिश, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
कटनी। रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां में पुलिस ने दो स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 युवकों और 10 युवतियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाया। पुलिस को क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार बरगवां स्थित नेचुरल स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के निर्देशन, डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन और महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान नेचुरल स्पा सेंटर से 5 युवक और 10 युवतियों को पूछताछ के लिए महिला थाना लाया गया। पुलिस के मुताबिक मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों और बरामद सामग्री की प्रकृति को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि स्पा सेंटरों को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटरों में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इनमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और धाराएं स्पष्ट हो सकेंगी।

