पवई पन्ना मध्य प्रदेश
घुटनों तक कीचड़ में तब्दील स्कूल पहुंच मार्ग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन ।
तहसीलदार भी नहीं पहुंच पाईं विद्यालय तक, कलेक्टर ने 48 घंटे में मार्ग दुरुस्त कराने का दिया आश्वासन
पवई के ग्राम सिमरिया गुलाब सिंह स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के बदहाल पहुंच मार्ग को लेकर मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल तक पक्की सड़क निर्माण सहित विद्यालय भवन, बिजली, पेयजल और अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर अधिकारियों को
ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं पवई तहसीलदार रत्नराशि पाण्डेय मार्ग में अत्यधिक कीचड़ होने के कारण विद्यालय तक नहीं पहुंच सकीं। वहीं राजस्व निरीक्षक प्रदर्शनकारियों के साथ विद्यालय तक पहुंचे और मौके की स्थिति देखी। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीश खान ने प्रदर्शन स्थल से
कलेक्टर पन्ना ऊषा सिंह परमार को फोन कर स्कूल पहुंच मार्ग की समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि 48 घंटे के भीतर अधिकारियों को मौके पर भेजकर मार्ग को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बारिश के दौरान स्कूल तक जाने वाले कच्चे मार्ग पर घुटनों तक कीचड़ और जलभराव हो जाता है। इससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी के साथ
फिसलकर चोटिल होने और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। कांग्रेस ने मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा अन्य शासकीय योजना में शामिल कर पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन में विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। छत एवं दीवारों से प्लास्टर गिरने की बात कहते हुए भवन की तकनीकी जांच व जीर्णोद्धार कराने तथा पेयजल एवं क्रियाशील शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई।इसके अलावा हरिजन बस्ती में पिछले तीन माह से खराब विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा कछार घाट नाले पर पुलिया अथवा रपटा निर्माण कराने की मांग भी रखी गई।धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीश खान, जिला उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार नामदेव, महिला ब्लॉक अध्यक्ष संतोषी मिश्रा सहित महेश बढ़ोलिया, रमू मणि यादव, धीरेन्द्र गर्ग, रामसेवक सिंगरौल, महबूब खान, रमेश द्विवेदी, राजेन्द्र लोधी, खुसीलाल चौधरी, भैयालाल चौधरी, हफीज खान, अंकुश राजा, वसीम खान, मोनू पाठक, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, मूरत सिंह, बारेलाल लोधी, अरविन्द लोधी, नरेन्द्र सिंह एवं सुनील कोरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

