अपहरण एवं दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में तीन आरोपी गिरफ्तार, गुजरात से महिला को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों तक पहुँचाने की कार्रवाई
थाना सलेहा, जिला पन्ना (म.प्र.)
*घटना का विवरण
दिनांक 21 सितंबर 2026 को थाना सलेहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्रा निवासी 20 वर्षीय नवविवाहिता के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों के अनुसार, महिला दिनांक 21 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 03:00 बजे अपनी मां के साथ कल्दा बाजार गई थी। बाजार में कुछ खाने के लिए जाने की बात कहकर वह अलग हो गई, लेकिन काफी समय तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा महिला की आसपास के क्षेत्रों, परिचितों एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर थाना सलेहा में अपराध क्रमांक 278/2026, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना सलेहा पुलिस द्वारा महिला की तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए गए। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा मौका तैयार किया गया तथा फरियादी एवं अन्य संबंधित गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए।पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं एवं तकनीकी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महिला की तलाश लगातार जारी रखी गई। इसी क्रम में दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा गुमशुदा महिला को मीनानगर, अंकलेश्वर, जिला भरूच (गुजरात) से दस्तयाब किया गया। दस्तयाबी की कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई। इसके पश्चात महिला को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के तहत महिला थाना पन्ना भेजा गया, जहां महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उसके कथन दर्ज किए गए।
महिला के कथनों के आधार पर गंभीर धाराओं का इजाफा
महिला द्वारा अपने कथनों में आरोप लगाया गया कि उसे कल्दा बाजार से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सतना रेलवे स्टेशन ले जाया गया तथा वहां से ट्रेन के माध्यम से गुजरात ले जाया गया। महिला ने गुजरात में एक कमरे में रखकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किए जाने के संबंध में भी आरोप लगाए। महिला के कथनों के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(2)(एम), 124(4) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) का इजाफा किया गया। इसके बाद महिला की सहमति से जिला अस्पताल पन्ना में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी एवं वाहन जप्ती
प्रकरण में विवेचना के दौरान दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त आधार पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस द्वारा उन्हें पृथक-पृथक जप्त किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को नियमानुसार दी गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई है।
प्रकरण की वर्तमान स्थिति
प्रकरण में पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, महिला के कथनों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

