ट्रांसपोर्ट नगर से बदलेगी कटनी की यातायात व्यवस्था की तस्वीर
पुरैनी में शेष 36 भूखंडों के लिए तृतीय निविदा जारी
पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी भूखंड उपलब्ध—व्यवसायियों से सहभागिता की अपील
कटनी (8 सितंबर)- शहर की सड़कों से भारी वाहनों का दबाव कम करने और अलग-अलग क्षेत्रों में बिखरी ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को एक ही सुनियोजित परिसर में लाने की नगर निगम की पहल अब निर्णायक चरण में पहुंच रही है। पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शेष उपलब्ध 36 भूखंडों के आवंटन के लिए निगम प्रशासन ने तृतीय निविदा जारी की है। निगम ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े इच्छुक एवं पात्र व्यवसायियों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए निविदा प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।
ट्रांसपोर्ट नगर की परिकल्पना शहर के यातायात प्रबंधन के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान में शहर के विभिन्न हिस्सों में संचालित ट्रांसपोर्ट कार्यालयों, गोदामों तथा भारी वाहनों की पार्किंग के कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ता है। ट्रांसपोर्ट नगर में इन गतिविधियों को एक स्थान पर लाने से शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
व्यवसाय के अनुरूप छोटे-बड़े भूखंड उपलब्ध
निगम द्वारा जारी निविदा में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। 6 बाई 15 वर्ग मीटर आकार के भूखंड क्रमांक 2, 8, 9, 17, 21 एवं 168/1 सहित अन्य भूखंड उपलब्ध हैं। वहीं बड़े ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, कार्यालय एवं गोदाम आदि के लिए 15 बाई 30 वर्ग मीटर आकार के भूखंड भी उपलब्ध हैं। इनमें भूखंड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 41, 42, 49, 50, 52, 53, 90, 94, 98, 105, 106, 107, 110, 150, 151, 152, 153, 154, 210, 211, 212 एवं 213 शामिल हैं।
15 बाई 30 वर्ग मीटर के भूखंडों के लिए निविदा की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026, जबकि 6 बाई 15 वर्ग मीटर के भूखंडों एवं अन्य निर्धारित उपयोग वाले भूखंडों के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
एक ही परिसर में पेट्रोल पंप से धर्मकांटा तक
ट्रांसपोर्ट नगर को व्यवसायियों और वाहन चालकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में यहां पेट्रोल पंप, धर्मकांटा एवं ढाबा संचालन के लिए तीन विशेष भूखंडों का प्रावधान भी किया गया है। इससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी। परिसर में सड़क एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन होगी निविदा, मौके पर निरीक्षण की सुविधा
इच्छुक एवं पात्र निविदाकार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एमपी टेंडर्स पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निविदा में भाग ले सकते हैं। भूखंडों से संबंधित जानकारी अथवा मौके पर निरीक्षण के लिए नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, मोबाइल नंबर 9981379995 पर संपर्क किया जा सकता है।
व्यवस्थित व्यापार के साथ सुगम होगा शहर का यातायात
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना केवल व्यवसायियों को भूखंड उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नगर के विकास को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल है।
ट्रांसपोर्ट नगर में कार्यालय, गोदाम एवं भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम एवं दुर्घटना की संभावनाओं में कमी आएगी। वहीं व्यवसायियों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ अपने कारोबार को संचालित करने का अनुकूल वातावरण मिलेगा।
निगम प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से अपील की है कि वे तृतीय निविदा में सक्रिय सहभागिता करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर योजना को सफल बनाने में सहयोग करें। व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट व्यवस्था न केवल व्यवसायियों के हित में है, बल्कि शहर की सुगम यातायात व्यवस्था और बेहतर शहरी भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

