पन्ना में वन विभाग का बड़ा एक्शन! मुखबिर की सूचना पर घर में छिपाकर रखी 0.59 घनमीटर अवैध सागौन लकड़ी जब्त
पिपरिया कला में वन विभाग की छापेमार कार्रवाई, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वन अपराध दर्ज; वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक कुमार जैन के नेतृत्व में पहुंची टीम
पन्ना, मध्यप्रदेश। वन संपदा की अवैध कटाई और लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 4 नवंबर को वन विभाग की संयुक्त टीम ने बीट बघवार के अंतर्गत ग्राम पिपरिया कला में छापेमार कार्रवाई करते हुए एक घर से 0.59 घनमीटर सागौन की लकड़ी बरामद कर जब्त की।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पिपरिया कला निवासी दस्सू उर्फ दशरथ विश्वकर्मा के घर पर अवैध रूप से सागौन की लकड़ी संग्रहित की गई है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली, जहां से सागौन की लकड़ी बरामद हुई। विभाग ने लकड़ी जब्त कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज करते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की है।
विवेक कुमार जैन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक कुमार जैन के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में परिक्षेत्र सहायक रामप्रताप गौतम, रंजना नागर, अशोक पांडे, वनपाल प्रेमशंकर ठाकुर, सुमंत सिंह, बद्री यादव तथा बीट गार्ड रामगोपाल सिंह, सतीश द्विवेदी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद सिंह, रजनीश चौरसिया, नवदीप सिंह सहित सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध कटाई, लकड़ी के अनधिकृत संग्रहण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

