पन्ना में वन्यजीवों के शिकार पर वन विभाग का शिकंजा! जंगली सूअर को कुल्हाड़ी से मारने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
पवई के झांझर बीट में 2 नवंबर की रात हुई थी शिकार की वारदात, दो दिन की पड़ताल के बाद वन विभाग ने दबोचे तीनों आरोपी; वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त
पन्ना, मध्यप्रदेश। वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर का शिकार करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से जंगली सूअर का शिकार किया था। वन विभाग की टीम ने लगातार पतासाजी और जांच के बाद 4 नवंबर को तीनों को गिरफ्तार कर शिकार में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।
मामला दक्षिण पन्ना वनमंडल के वन परिक्षेत्र पवई अंतर्गत बीट झांझर का है। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 की रात जंगली सूअर के अवैध शिकार की घटना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने जांच शुरू कर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद वन अमले ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रामचरण चौधरी पिता कलुआ, बृजेन्द्र बंशकार पिता सौखलाल और रुपलाल बंशकार पिता हुक्म शामिल हैं। तीनों ग्राम झांझर, तहसील पवई, जिला पन्ना के निवासी हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक भारती कुमार, वनरक्षक सचेंद्र मोहन, वनपाल दयाराम वर्मा एवं वनरक्षक भूपेंद्र भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों का अवैध शिकार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।

