Home » पन्ना » मोबाइल रिकवरी में पन्ना पुलिस का जलवा! देशभर में नहीं, प्रदेश में लगातार नंबर-1 प्रदर्शन पर DoT ने किया सम्मानित, 2.91 करोड़ के 1,940 मोबाइल बरामद

मोबाइल रिकवरी में पन्ना पुलिस का जलवा! देशभर में नहीं, प्रदेश में लगातार नंबर-1 प्रदर्शन पर DoT ने किया सम्मानित, 2.91 करोड़ के 1,940 मोबाइल बरामद

News Portal Development Companies In India

मोबाइल रिकवरी में पन्ना पुलिस का जलवा! देशभर में नहीं, प्रदेश में लगातार नंबर-1 प्रदर्शन पर DoT ने किया सम्मानित, 2.91 करोड़ के 1,940 मोबाइल बरामद

92 प्रतिशत रिकवरी रेट के साथ पन्ना पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड, गुम और चोरी हुए मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए; पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को मिली रिकग्निशन शील्ड और प्रशंसा पत्र

पन्ना, मध्यप्रदेश। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में पन्ना पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। CEIR पोर्टल पर लगातार प्रथम स्थान बनाए रखने पर दूरसंचार विभाग (DoT), मध्यप्रदेश ने पन्ना पुलिस को सम्मानित किया है। दूरसंचार विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक (टेलीकॉम) आशीष पाठक ने पुलिस अधीक्षक पन्ना सव्यसाची सराफ को प्रशंसा पत्र एवं रिकग्निशन शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

पन्ना पुलिस की इस उपलब्धि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले एक वर्ष में पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 1,940 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 91 लाख रुपये है। लगभग 92 प्रतिशत रिकवरी रेट के साथ पन्ना पुलिस लगातार प्रथम स्थान पर बनी हुई है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए, जिससे सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिली।

सायबर सेल और थाना स्तर के पुलिसकर्मियों का भी सम्मान

इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साइबर सेल पन्ना की टीम के साथ थाना कोतवाली के आरक्षक अभिषेक यादव एवं थाना अमानगंज के आरक्षक अरुण तिवारी को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तत्परता से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।

CEIR और संचार साथी पोर्टल पर हुई विशेष कार्यशाला

इस अवसर पर पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल पन्ना में दूरसंचार विभाग भोपाल एवं CEIR पोर्टल के नोडल अधिकारियों के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी थानों के CEIR पोर्टल से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी और साइबर हेल्प डेस्क की टीम शामिल हुई।

कार्यशाला में दूरसंचार विभाग के गोपाल कुर्मी (ITS 2013), डायरेक्टर डिजिटल इंटेलिजेंस एवं राहुल जैन (ITS 2019), एडीजी डिजिटल इंटेलिजेंस ने CEIR और संचार साथी पोर्टल की कार्यप्रणाली, ई-सिम तकनीक, एफआईआर अलर्ट सिस्टम तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही पोर्टल के नए फीचर्स और थाना स्तर पर आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा सहित दूरसंचार विभाग के अधिकारी, साइबर सेल टीम और विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत

पन्ना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। इससे मोबाइल की बरामदगी में मदद मिल सकती है।

तकनीक और पुलिस के बेहतर तालमेल से पन्ना पुलिस की यह उपलब्धि न केवल विभाग के लिए गौरव की बात है, बल्कि मोबाइल गुम होने से परेशान आम नागरिकों के लिए भी बड़ी राहत साबित हो रही है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?