युवाओं की ऊर्जा से बनेगा सशक्त राष्ट्र, नशे से दूर रहकर सकारात्मक कार्यों में आगे आएं युवा: SDOP शिवा पाठक
पवई कॉलेज में जेन-जी जन संवाद का आयोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर युवाओं से हुआ सीधा संवाद
पन्ना/पवई। युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत भी हैं। उनकी सोच, ऊर्जा और कार्यशैली से समाज एवं राष्ट्र की दिशा तय होती है। इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाते हुए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। यह संदेश एसडीओपी शिवा पाठक ने शासकीय महाविद्यालय पवई में पतने जन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित जेन-जी जन संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए दिया।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं से खुलकर संवाद किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और लक्ष्य के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
अपराध और नशे के खिलाफ जागरूक बनें युवा
एसडीओपी शिवा पाठक ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देना भी उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है।
जनपद पंचायत पवई के सीईओ अखिलेश उपाध्याय ने कहा कि युवा यदि कोई लक्ष्य निर्धारित कर लें तो उसे हासिल करने की पूरी क्षमता रखते हैं। युवाओं की शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है।
स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच पर भी हुई चर्चा
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विवेक पटेल ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. नीलिमा रेड्डी ने स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब देते हुए स्वस्थ जीवनशैली और दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव अपनाने पर जोर दिया।
नगर निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार ने युवाओं से अवैध शराब बिक्री एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहना और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना ही एक जागरूक नागरिक की पहचान है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल प्रताप सिंह ने किया, जबकि अंत में भाजपा युवा नेता कान्हू राजा महगवां ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अभिषेक पांडे, सत्येंद्र प्रताप सिंह छोटू राजा, पतने जन सेवा समिति अध्यक्ष प्रतीक ताम्रकार सहित गणमान्य नागरिक, पत्रकार, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहा।
जेन-जी जन संवाद के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूरी बनाकर शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाना ही उज्ज्वल भविष्य एवं मजबूत राष्ट्र की असली नींव है।

