नेशनल हाईवे निर्माण साइट से नीडिल वाइब्रेटर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पवई पुलिस ने किया उपकरण बरामद
26 अक्टूबर को हुई थी चोरी की वारदात, पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म; न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल
पन्ना/पवई। नेशनल हाईवे निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले उपकरण की चोरी के मामले में पवई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया नीडिल वाइब्रेटर बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पवई उप जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी विनीत शुक्ला पिता रामाधार शुक्ला, उम्र 36 वर्ष, निवासी मिर्जापुर ने थाना पवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पवई-कटनी रोड निर्माण कंपनी में सीनियर हाईवे इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। नेशनल हाईवे-43 पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान 26 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने निर्माण में उपयोग होने वाला नीडिल वाइब्रेटर चोरी कर लिया था।
शिकायत पर पवई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान एवं एसडीओपी पवई शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद 2 नवंबर को सचिन पिता ग्यारसी अहिरवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, जिला विदिशा, हाल निवासी पवई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी गया नीडिल वाइब्रेटर बरामद कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक दुलीचंद जैन, कमलेश कुमार, सुशील कोल एवं आरक्षक राहुल अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पवई उप जेल भेज दिया गया।

