कटनी: चुनाव खर्च का ब्यौरा न देना पड़ा भारी, BSP की पूर्व मेयर उम्मीदवार अंजलि चौधरी 2 साल के लिए अयोग्य घोषित
भोपाल: राज्य निर्वाचन आयोग ने कटनी नगर निगम के वर्ष 2022 के नगरीय आम चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रत्याशी रहीं अंजलि ओम प्रकाश चौधरी पर कड़ी कार्रवाई की है। निर्वाचन व्यय लेखा जमा न करने के कारण आयोग ने उन्हें आगामी दो वर्षों के लिए चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य (डिस्क्वॉलिफाई) घोषित कर दिया है।
अंजलि चौधरी ने वर्ष 2022 के निकाय चुनावों में बसपा के टिकट पर कटनी नगर निगम से महापौर (मेयर) के साथ-साथ वार्ड क्रमांक 18 से पार्षद पद का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, वे दोनों ही पदों पर चुनाव हार गई थीं।
सुनवाई से भी रहीं नदारद
नियमानुसार चुनाव समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को अपने चुनावी खर्च का पूरा लेखा-जोखा जमा करना होता है। व्यय लेखा दाखिल न करने पर जिला कलेक्टर द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने भी इस मामले में औपचारिक सुनवाई रखी थी, लेकिन अंजलि चौधरी आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं।
आयोग के निर्देशों और नियमों का उल्लंघन करने पर निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें अगले 2 साल तक किसी भी चुनाव में भाग लेने के लिए अयोग्य ठहरा दिया है।

