छठ पूजा की तैयारियों में जुटा नगर निगम, 4 घाटों पर रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं; निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
14 से 17 नवंबर तक घाटों पर सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष फोकस
कटनी। छठ महापर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और सूर्योपासना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम द्वारा 14 से 17 नवंबर 2026 तक कटायेघाट, बाबाघाट, छपरवाह घाट-मंगलनगर और बजरंग कॉलोनी घाट-एनकेजे में विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पूरी व्यवस्था की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी उपायुक्त प्रियंका झारिया को सौंपी गई है।
घाटों और पहुंच मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आवारा मवेशियों के नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निर्माण विभाग घाटों की आवश्यक मरम्मत और तकनीकी व्यवस्थाएं दुरुस्त करेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समय-सीमा में पालन करें और पर्व शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं बेहतर रहें, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुविधाजनक माहौल में पूजा संपन्न कर सकें।

