प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत घर का सपना होगा आसान, गृह ऋण पर मिलेगा 1.80 लाख रुपये तक ब्याज अनुदान
आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम आय वर्ग के पात्र परिवारों को मिलेगी राहत, 25 लाख रुपये तक के गृह ऋण पर योजना का लाभ
कटनी। स्वयं के पक्के आवास का सपना संजोए आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2.0 के अंतर्गत इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम आर्थिक संबल प्रदान करने वाली पहल है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को गृह ऋण पर अधिकतम 1 लाख 80 हजार रुपये तक का ब्याज अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे घर निर्माण अथवा क्रय के लिए लिए जाने वाले ऋण का वित्तीय भार कम होगा।
योजना के प्रावधानों के अनुसार ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय अधिकतम 9 लाख रुपये है तथा जिनके स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के नाम पर देश में कहीं भी पक्का आवास नहीं है, वे निर्धारित पात्रता शर्तों के अधीन इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। योजना में अधिकतम 120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के आवास के लिए 25 लाख रुपये तक के गृह ऋण पर ब्याज अनुदान का प्रावधान है। नवीन गृह ऋण के साथ ही 1 सितंबर 2024 के बाद स्वीकृत अथवा वितरित गृह ऋण भी निर्धारित शर्तों के अनुसार योजना के दायरे में शामिल हैं।
योजना के तहत मिलने वाली ब्याज सब्सिडी बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पात्र परिवारों को गृह ऋण की अदायगी में आर्थिक राहत मिलेगी और अपने स्वयं के आवास की आवश्यकता पूरी करने में सहायता प्राप्त होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवासीय सुविधा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा पात्र नागरिकों से योजना की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि कोई भी पात्र परिवार जानकारी के अभाव में शासन की इस आवासीय सुविधा एवं ब्याज अनुदान के लाभ से वंचित न रहे।

