बिजली कंपनी का जेई 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
पुराने बिजली चोरी के प्रकरण में सेटलमेंट और नया मीटर लगाने के एवज में मांगी थी रकम
भोपाल,/बिजली कंपनी के जेई को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जेई अरपित उपाध्याय पर पुराने बिजली चोरी के प्रकरण में सेटलमेंट कराने और नया बिजली मीटर लगवाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार आवेदक तारीक सिद्दीकी ने नया बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान पुराने बिजली चोरी के प्रकरण का सेटलमेंट कराने और नया मीटर लगाने के बदले उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। रकम को लेकर तारीक सिद्दीकी की राजेंद्र बरवड़े से बातचीत हुई थी। इसके बाद रिश्वत की रकम लेने के लिए जेई अरपित उपाध्याय ने आवेदक को छोला स्थित विद्युत कार्यालय बुलाया।
शिकायत के सत्यापन के बाद बनाई योजना
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत तारीक सिद्दीकी ने लोकायुक्त से की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे आवेदक 20 हजार रुपये लेकर छोला स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचा। जैसे ही जेई ने रिश्वत की रकम ली, वहां पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया।
रकम बरामद, भ्रष्टाचार अधिनियम में केस
लोकायुक्त टीम ने आरोपी जेई के कब्जे से 20 हजार रुपये की रिश्वत बरामद की है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया था। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। मामले में रिश्वत मांगने और रकम लेने में किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
- Also Read This

