डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से 54,500 रुपये ठगने वाला आरोपी कानपुर से गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
खुद को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताकर महिला को दी थी गिरफ्तारी की धमकी, पति पर आपत्तिजनक वेबसाइट देखने का लगाया था आरोप; पन्ना पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई
पन्ना। साइबर अपराधियों द्वारा डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां एक शातिर आरोपी ने खुद को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताकर महिला को उसके पति की गिरफ्तारी का डर दिखाया और 54 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। मामले में पन्ना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी रकम 54 हजार 500 रुपये भी बरामद कर ली है।
पति के खिलाफ कार्रवाई का डर दिखाकर मांगे थे एक लाख रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिकुरिया बस्ती पन्ना निवासी फरियादिया श्रीमती शिवानी अहिरवार ने 31 अक्टूबर 2025 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं और इस संबंध में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज हो रही हैं।
आरोपी ने महिला को डराते हुए कहा कि यदि वह अपने पति के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहती हैं तो एक लाख रुपये देने होंगे। रुपये नहीं देने पर पति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की धमकी दी गई। आरोपी की बातों में आकर महिला भयभीत हो गई और उसने उसके बताए फोन-पे नंबर पर दो बार में 36 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक क्यूआर कोड भेजा, जिसके माध्यम से महिला से 18 हजार रुपये और ट्रांसफर करा लिए। इस तरह महिला कुल 54 हजार 500 रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गई।
बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से कानपुर तक पहुंची पुलिस
महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 914/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना सब्यसाची सराफ ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में सामने आई।
18 वर्षीय आरोपी कानपुर से गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पन्ना पुलिस की टीम कानपुर रवाना हुई। वहां से पुलिस ने अभिषेक कठेरिया पिता ज्ञान प्रकाश, उम्र 18 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुर, थाना चौबेपुर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी राशि 54 हजार 500 रुपये बरामद कर ली।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक हेमंत नायक, प्रधान आरक्षक खेमचन्द्र राय, आरक्षक जीतेन्द्र मिश्रा, संदीप तिवारी एवं साइबर सेल पन्ना की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की अपील: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर न हों भयभीत
पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कोई भी व्यक्ति फोन या वीडियो कॉल पर खुद को पुलिस, क्राइम ब्रांच, सीबीआई अथवा अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी का डर दिखाए और पैसे की मांग करे तो उसकी बातों में न आएं। कानून में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर इस तरह पैसे वसूलने की कोई वैधानिक प्रक्रिया नहीं है। ऐसी किसी भी घटना की तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

