30 साल से फल बेचकर परिवार पाल रहे बुजुर्ग की दुकान पर कब्जे का आरोप, नगर निगम में शिकायत के बाद दोबारा लगवाई दुकान
गोल बाजार में गरीब फल विक्रेता शंकरलाल साहू ने रिक्की नामक युवक व साथियों पर तख्ता हटाकर जगह कब्जाने और धमकी देने के लगाए आरोप
कटनी। गोल बाजार रामलीला मैदान क्षेत्र में करीब 30 वर्षों से फल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे 60 वर्षीय शंकरलाल साहू ने अपनी दुकान की जगह पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले को लेकर शंकरलाल साहू ने नगर निगम आयुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शंकरलाल साहू निवासी सी.एल.पी. पाठक वार्ड क्रमांक 31, कटनी, गोल बाजार स्थित रामलीला मैदान में जय माता फल दुकान के सामने सीढ़ी के पास लकड़ी का तख्ता रखकर लंबे समय से फल का व्यवसाय करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि वे नगर निगम को प्रतिवर्ष बैठकी के रूप में 1 हजार रुपये की राशि जमा कर रसीद भी प्राप्त करते हैं।
शंकरलाल का आरोप है कि 24 अगस्त 2026 को रिक्की राम निषाद (खटीक) नामक युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और उनकी दुकान में रखा लकड़ी का तख्ता जबरन हटाकर बाहर फेंक दिया, जिससे तख्ता टूट गया। इसके बाद उसी स्थान पर अपना हाथ ठेला रखकर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद बुजुर्ग फल विक्रेता ने अपनी दुकान की जगह वापस दिलाने और सुरक्षा की मांग को लेकर अधिकारियों से शिकायत की।
नगर निगम के अतिक्रमण विभाग ने दोबारा लगवाई दुकान
शंकरलाल साहू के अनुसार, शिकायत के बाद नगर निगम के अतिक्रमण विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर उनकी दुकान दोबारा लगवा दी। इसके बाद शंकरलाल ने नगर निगम का आभार जताते हुए कहा कि वह गरीब व्यक्ति हैं और लंबे समय से फल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फल बेचने के अलावा उनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। ऐसे में दुकान की जगह चले जाने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाता।
शंकरलाल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की मौके पर जांच कराई जाए और भविष्य में उनकी दुकान की जगह पर किसी प्रकार का विवाद या जबरन कब्जे का प्रयास न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
हालांकि, रिक्की राम निषाद अथवा उनके साथ बताए गए अन्य लोगों का पक्ष इस शिकायत के संबंध में सामने नहीं आया है।

