Home » पन्ना » पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संवेदनशीलता से खत्म हुआ कनेरी का धरना, पूरी रात ग्रामीणों के साथ डटे रहे अधिकारी बाघों के बीच कोर क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रही सर्वोच्च प्राथमिकता, क्षेत्र संचालक और उप संचालक ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात; वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने स्वेच्छा से समाप्त किया धरना

 पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संवेदनशीलता से खत्म हुआ कनेरी का धरना, पूरी रात ग्रामीणों के साथ डटे रहे अधिकारी बाघों के बीच कोर क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रही सर्वोच्च प्राथमिकता, क्षेत्र संचालक और उप संचालक ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात; वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने स्वेच्छा से समाप्त किया धरना

News Portal Development Companies In India

 पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संवेदनशीलता से खत्म हुआ कनेरी का धरना, पूरी रात ग्रामीणों के साथ डटे रहे अधिकारी

बाघों के बीच कोर क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रही सर्वोच्च प्राथमिकता, क्षेत्र संचालक और उप संचालक ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात; वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने स्वेच्छा से समाप्त किया धरना

पन्ना। संवाद, संवेदनशीलता और आपसी विश्वास की एक मिसाल पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में देखने को मिली, जहां अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पुराने ग्राम कनेरी पहुंचे विस्थापित ग्रामीणों का धरना आखिरकार शांतिपूर्वक समाप्त हो गया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान का भरोसा दिलाने के लिए वन विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सक्रिय रहे। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र संचालक और उप संचालक ने पूरी रात खुले आसमान के नीचे ग्रामीणों के बीच रहकर उनका साथ निभाया। वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद 21 नवंबर को ग्रामीणों ने स्वेच्छा से धरना समाप्त कर दिया। पन्ना टाइगर रिजर्व के वाहनों से सभी ग्रामीणों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया गया।

दरअसल, पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में स्थित पूर्व ग्राम कनेरी का विस्थापन वर्ष 2007-08 में ग्रामसभा एवं ग्रामीणों की सहमति से किया गया था। विस्थापन के दौरान पात्र परिवारों के लिए कलेक्टर पन्ना द्वारा 24 जनवरी 2008 को अवार्ड पारित किया गया था। तत्कालीन पुनर्वास पैकेज के तहत मकान निर्माण, परिवहन और प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी किया गया था।

पुनर्वास व्यवस्था के तहत भारत सरकार के पर्यावरण एवं वन मंत्रालय ने 21 मई 2002 को उत्तर वनमंडल पन्ना के पुखरा क्षेत्र में ग्राम पीपरटोला, सूरजपुरा एवं कनेरी के विस्थापित परिवारों के लिए वनभूमि स्वीकृत की थी। इसके अंतर्गत कनेरी के प्रत्येक पात्र परिवार को दो-दो हेक्टेयर कृषि भूमि आवंटित की गई थी। ग्रामीणों ने स्वयं पुखरा स्थल का चयन कर सहमति दी थी, लेकिन उस समय आवंटित भूमि पर कब्जा नहीं लिया। बाद में भूमि के कम उपजाऊ होने की बात कहते हुए ग्रामीणों ने वहां जाने से इनकार कर दिया। अधिकांश परिवार आवंटित भूमि अस्वीकार कर छतरपुर जिले के ग्राम सूरजपुरा सहित अन्य स्थानों पर रहने लगे।

ग्रामीणों की मांग के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, विस्थापित परिवारों को कृषि भूमि उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की सहमति के आधार पर वनमंडल छतरपुर में वनभूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है, जो वर्तमान में प्रक्रियाधीन है। इसी समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर 19 नवंबर 2026 को पूर्व ग्राम कनेरी के ग्रामीण पार्क के कोर क्षेत्र में स्थित अपने पुराने गांव पहुंचकर धरने पर बैठ गए थे।

अधिकारियों ने पूरी रात ग्रामीणों के बीच रहकर निभाई जिम्मेदारी

ग्रामीणों के कोर क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव एवं उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। बाघों और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी वाले संवेदनशील क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती थी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों अधिकारी पूरी रात खुले आसमान के नीचे ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे। वन अमले को भी लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।

20 नवंबर को कलेक्टर पन्ना हर्ष सिंह एवं उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

21 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समाप्त हुआ धरना

21 नवंबर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश डॉ. समीता राजौरा के मार्गदर्शन में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव, उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित पन्ना टाइगर रिजर्व का दल कनेरी पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और उनके समाधान के लिए सक्रिय एवं गंभीर प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया। प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले भरोसे के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।

धरना समाप्त होने के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने अपने वाहनों के माध्यम से सभी ग्रामीणों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान न तो कोई अप्रिय घटना हुई और न ही किसी मनुष्य अथवा वन्यप्राणी को कोई नुकसान पहुंचा।

संवेदनशीलता और संवाद से निकला समाधान का रास्ता

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विस्थापित परिवारों की समस्याओं के प्रति विभाग संवेदनशील है और जिला प्रशासन एवं शासन के समन्वय से उनके निराकरण के लिए प्रयास जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से संवाद करें और बाघों एवं अन्य वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास वाले कोर क्षेत्र में प्रवेश करने से बचें।

कनेरी का यह घटनाक्रम बताता है कि संवेदनशील परिस्थितियों में धैर्य, संवाद और विश्वास के साथ किया गया प्रयास तनावपूर्ण स्थिति को भी शांतिपूर्ण समाधान तक पहुंचा सकता है। खास बात यह रही कि अधिकारियों ने केवल आश्वासन देने तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि पूरी रात ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाई।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?