Home » कटनी » कटनी » कटनी में 28 मिनट के भीतर दो जगह भीषण आग से मचा हड़कंप, निगम के दमकल अमले ने टाला बड़ा हादसा

कटनी में 28 मिनट के भीतर दो जगह भीषण आग से मचा हड़कंप, निगम के दमकल अमले ने टाला बड़ा हादसा

News Portal Development Companies In India

कटनी में 28 मिनट के भीतर दो जगह भीषण आग से मचा हड़कंप, निगम के दमकल अमले ने टाला बड़ा हादसा

आजाद चौक की ऑयल पेंट दुकान में आग बुझाने के लिए दमकल ने किए 6 राउंड, बरगवां की प्लास्टिक बोरी फैक्ट्री में भी पहुंची फायर ब्रिगेड; निगमायुक्त तपस्या परिहार मौके पर रहकर करती रहीं मॉनिटरिंग, दोनों घटनाओं में जनहानि नहीं

कटनी। शहर में शुक्रवार की रात आगजनी की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। महज 28 मिनट के अंतराल में शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर आग भड़क उठी। पहली घटना आजाद चौक स्थित हार्डवेयर एवं ऑयल पेंट की दुकान में हुई, जहां ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। वहीं दूसरी घटना औद्योगिक क्षेत्र बरगवां स्थित प्लास्टिक बोरियों की फैक्ट्री में सामने आई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन अमला हरकत में आया और दमकल वाहनों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। फायर कर्मियों की तत्परता, साहस और सूझबूझ से दोनों स्थानों पर आग पर काबू पा लिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आजाद चौक में ऑयल पेंट दुकान बनी आग का गोला, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

पहली घटना शुक्रवार रात करीब 9:09 बजे आजाद चौक स्थित आस्था क्लीनिक के बाजू में संचालित परमशील ट्रेडर्स की हार्डवेयर एवं ऑयल पेंट दुकान में हुई। दुकान के भीतर ऑयल पेंट सहित बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। दुकान की कम चौड़ाई और लंबी बनावट ने दमकल कर्मियों के सामने चुनौती खड़ी कर दी। सूचना मिलते ही नगर निगम का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

आग की भयावहता को देखते हुए फायर कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार की। करीब छह राउंड की कार्रवाई के बाद लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर पूर्ण नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान आसपास की दुकानों और घनी आबादी वाले क्षेत्र को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती थी।

निगमायुक्त तपस्या परिहार खुद पहुंचीं मौके पर, संभाली निगरानी की कमान

आजाद चौक की घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग की और अग्निशमन अमले तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने और आग को फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

बरगवां की प्लास्टिक बोरी फैक्ट्री में भी लगी आग, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से बुलाना पड़ा अतिरिक्त दमकल वाहन

आजाद चौक की आग बुझाने की कार्रवाई जारी थी, तभी रात करीब 9:35 बजे औद्योगिक क्षेत्र बरगवां स्थित श्री भामल दास झम्मट लाल जी की प्लास्टिक बोरियों की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। एक साथ दो स्थानों पर आगजनी की घटनाओं से अग्निशमन विभाग के सामने चुनौती बढ़ गई। सूचना मिलते ही नगर निगम के अग्निशमन विभाग ने माधव नगर जोन से दूसरे दमकल वाहन और फायर टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

फैक्ट्री पहुंचते ही अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाया गया। सभी टीमों के संयुक्त प्रयासों और आपसी समन्वय से आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार इस दौरान दूरभाष के माध्यम से लगातार घटनाक्रम की जानकारी लेती रहीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देती रहीं।

पुलिस और निगम की टीम ने मिलकर संभाला मोर्चा

आजाद चौक में आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम, नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, फायर इंचार्ज, सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव एवं नगर निगम का अग्निशमन दल सक्रिय रहा। वहीं बरगवां में भी निगम के दमकल कर्मियों और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के अग्निशमन दल ने मिलकर आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मॉक ड्रिल का अभ्यास आया काम, फायर अमले की मुस्तैदी ने बचाई जान-माल की सुरक्षा

नगर निगम द्वारा अग्निशमन कर्मियों के लिए समय-समय पर आयोजित मॉक ड्रिल और अभ्यास का असर इन दोनों घटनाओं में देखने को मिला। प्रशिक्षित फायर कर्मियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बिना घबराए तत्परता से मोर्चा संभाला। एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की घटनाओं के बावजूद निगम के अग्निशमन अमले ने बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया।

दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होना राहत की बात रही। नगर निगम के अग्निशमन अमले की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा के समय तत्परता, प्रशिक्षण और बेहतर प्रबंधन से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?

 पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संवेदनशीलता से खत्म हुआ कनेरी का धरना, पूरी रात ग्रामीणों के साथ डटे रहे अधिकारी बाघों के बीच कोर क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रही सर्वोच्च प्राथमिकता, क्षेत्र संचालक और उप संचालक ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात; वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने स्वेच्छा से समाप्त किया धरना