PPP मॉडल मेडिकल कॉलेज के खिलाफ कटनी में जनआक्रोश! 28 दिन से आंदोलन जारी, सुभाष चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शनकारियों ने बुलंद की आवाज
कटनी एक्शन कमेटी ने निजी भागीदारी वाले मेडिकल कॉलेज की योजना निरस्त कर पूरी तरह सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग उठाई, इंजीनियरिंग, माइनिंग और लॉ कॉलेज की भी मांग

कटनी। कटनी में प्रस्तावित PPP मॉडल मेडिकल कॉलेज को लेकर विरोध अब सड़कों पर तेज होता नजर आ रहा है। पिछले 28 दिनों से जारी आंदोलन के बीच आज कटनी एक्शन कमेटी के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने सुभाष चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की PPP मॉडल योजना पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट मांग की कि कटनी में निजी भागीदारी से मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना निरस्त कर यहां पूरी तरह सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाए।
आंदोलनकारियों का कहना है कि कटनी जैसे औद्योगिक और खनिज संपदा से समृद्ध जिले को निजी मेडिकल कॉलेज की नहीं, बल्कि सरकारी मेडिकल कॉलेज की जरूरत है। सरकारी मेडिकल कॉलेज खुलने से गरीब, मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी भागीदारी वाले मॉडल से आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज के साथ अन्य सरकारी संस्थानों की भी मांग
कटनी एक्शन कमेटी ने केवल मेडिकल कॉलेज तक अपनी मांग सीमित नहीं रखी, बल्कि जिले में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, माइनिंग कॉलेज और लॉ कॉलेज शुरू करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने और शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी संस्थानों को प्राथमिकता देने की आवाज बुलंद की।
सुभाष चौक पर जाम, प्रशासन के सामने चुनौती
प्रदर्शन के दौरान सुभाष चौक पर नारेबाजी और चक्काजाम के चलते यातायात प्रभावित हुआ। आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की मांग की। प्रदर्शन में कटनी एक्शन कमेटी के अध्यक्ष कृष्णा, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. खान सहित अन्य प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।
28 दिनों से जारी विरोध और अब सड़कों पर उतरते जनआक्रोश के बीच बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार कटनी की मांग को गंभीरता से लेते हुए PPP मॉडल पर पुनर्विचार करेगी? या फिर सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होगा?
अभिमन्यु विश्कर्मा की खास रिपोर्ट

