Home » पन्ना » सरदार पटेल जयंती पर ‘सृजन संवाद’ के 8 मास्टर ट्रेनर्स सम्मानित, युवाओं को जागरूक बनाने में योगदान की हुई सराहना

सरदार पटेल जयंती पर ‘सृजन संवाद’ के 8 मास्टर ट्रेनर्स सम्मानित, युवाओं को जागरूक बनाने में योगदान की हुई सराहना

News Portal Development Companies In India

सरदार पटेल जयंती पर ‘सृजन संवाद’ के 8 मास्टर ट्रेनर्स सम्मानित, युवाओं को जागरूक बनाने में योगदान की हुई सराहना

छत्रसाल शासकीय पीजी कॉलेज में गरिमामय समारोह का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. आर.के. गोस्वामी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ, एएसपी वंदना चौहान ने युवाओं को बताया राष्ट्र की एकता और सुरक्षा का आधार

पन्ना, मध्य प्रदेश। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पन्ना के छत्रसाल शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मास्टर ट्रेनर्स, प्राध्यापकों, शिक्षकों एवं पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा, सागर संभाग डॉ. आर.के. गोस्वामी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान, रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत नायक, शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिजेश शाक्य सहित जिले के विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. आर.के. गोस्वामी ने उपस्थित अधिकारियों, प्राध्यापकों, पुलिस कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

युवाओं को कानून और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा सृजन संवाद

‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। अभियान के तहत पन्ना जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, नागरिक कर्तव्य, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा तथा डायल 112 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों को पुलिस थानों एवं कंट्रोल रूम का शैक्षणिक भ्रमण कराकर पुलिस की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया गया है। अभियान के माध्यम से पुलिस और युवाओं के बीच संवाद एवं विश्वास का मजबूत रिश्ता स्थापित करने की पहल की जा रही है।

इन 8 उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं का हुआ सम्मान

सरदार पटेल जयंती के अवसर पर अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आठ मास्टर ट्रेनर्स एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. जे.के. वर्मा, प्राचार्य छत्रसाल शासकीय पीजी कॉलेज; डॉ. अमरजीत साहू, सह प्राध्यापक अर्थशास्त्र; सुश्री मनीषा शर्मा, सह प्राध्यापक वनस्पति शास्त्र; अजय कुमार राय, उच्च माध्यमिक शिक्षक; मनोज कुमार खरे, खेल शिक्षक; इमरान खान एवं भान सिंह यादव, प्रधान आरक्षक पुलिस विभाग तथा आधार संस्था के डायरेक्टर शामिल रहे।

युवाओं की जागरूकता से ही साकार होगा अखंड भारत का सपना

समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का जागरूक, जिम्मेदार और अनुशासित होना बेहद जरूरी है। ‘सृजन संवाद’ जैसे अभियान पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने के साथ युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, सुरक्षा के प्रति सजगता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर रहे हैं।

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा ने कहा कि शिक्षा और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। ऐसे प्रयासों से विद्यार्थी न केवल अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझेंगे, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पी.पी. मिश्रा, डॉ. मनोरमा गुप्ता, नरेश कुमार पटेल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनजीओ प्रतिनिधि, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान कर युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?