दो बेटियों के साथ पत्नी लापता! रिश्ते के जेठ पर भगाकर ले जाने का गंभीर आरोप, पति ने ससुराल पक्ष को भी घेरा
14 साल के वैवाहिक रिश्ते में आया भूचाल, पत्नी पर घर से सोने-चांदी के जेवर और जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप; स्लीमनाबाद थाने पहुंचकर पति ने लगाई न्याय की गुहार

कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है। 14 साल पहले सात फेरों के साथ शुरू हुआ वैवाहिक जीवन अब गंभीर आरोपों के घेरे में है। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना निवासी 37 वर्षीय जितेन्द्र कुमार तिवारी ने अपनी पत्नी भारती तिवारी के अचानक घर छोड़कर चले जाने और अपने रिश्ते में जेठ लगने वाले लल्लू तिवारी के साथ जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पति ने स्लीमनाबाद थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

एक साल से फोन पर बातचीत को लेकर था विवाद
शिकायत में जितेन्द्र ने बताया कि उसका विवाह करीब 14 वर्ष पूर्व तेवरी-स्लीमनाबाद निवासी डी.पी. मिश्रा की पुत्री भारती तिवारी से हुआ था। दोनों की दो बेटियां हैं, जो सातवीं और तीसरी कक्षा में पढ़ती हैं। आवेदक के मुताबिक, वह बस चालक का काम करता है। उसका आरोप है कि पिछले करीब एक साल से पत्नी की एक व्यक्ति से लगातार फोन और व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी। पति ने जब इस पर आपत्ति जताई तो विवाद की स्थिति बनने लगी।

रिश्ते के जेठ पर साथ ले जाने का आरोप
जितेन्द्र ने अपनी शिकायत में लल्लू तिवारी का नाम लेते हुए आरोप लगाया है कि वह उसका रिश्तेदार होने के साथ पत्नी के रिश्ते में जेठ लगता है। पति का दावा है कि पत्नी पहले मायके चली गई और फिर दोनों बेटियों को साथ लेकर उक्त व्यक्ति के साथ चली गई। उसने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर भी पत्नी को इस तरह रहने के लिए उकसाने का संदेह जताया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अब फोन भी नहीं उठा रहे हैं और पत्नी के ठिकाने की स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं।
जेवर और बेटियों के दस्तावेज ले जाने का भी आरोप
आवेदन में जितेन्द्र ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर से सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है। पति का कहना है कि पत्नी और दोनों बेटियों के अचानक चले जाने से वह परेशान है। उसने पुलिस से पत्नी और बच्चियों का पता लगाने तथा अपने सामान और दस्तावेज वापस दिलाने की मांग की है।
अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
पीड़ित ने थाना प्रभारी स्लीमनाबाद को आवेदन देकर लल्लू तिवारी और ससुराल पक्ष के लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामला शिकायत के आधार पर सामने आया है। लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

