सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान, 487 आवेदन पहुंचे
432 मामलों का तत्काल निराकरण, 48 आवेदन लंबित; 12 विभागों ने एक ही छत के नीचे सुनीं समस्याएं
पन्ना/पवई। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों तक उनके क्षेत्र में ही पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पवई में सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना पुष्पराज सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोहिनी आनंद मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर विभागवार आवेदनों की जांच की और पात्र मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
शिविर में 12 विभागों से संबंधित कुल 487 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 432 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि 7 आवेदन अपात्र पाए गए। वहीं 48 आवेदन लंबित रहे, जिन पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग में सबसे अधिक आवेदन
शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं को लेकर सबसे अधिक 118 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 91 का निराकरण किया गया। सामाजिक न्याय विभाग के 93 में से 87, श्रम विभाग के 81 में से 80 तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 68 में से 65 आवेदनों का मौके पर समाधान किया गया।
इसी तरह पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 41 में से 40 तथा उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त सभी 31 आवेदनों का निराकरण किया गया।
एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की जानकारी और समाधान
सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन और समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। मौके पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की विभागवार समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की।
मौके पर समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों में राहत और संतोष का माहौल नजर आया।

