वनभूमि पर कब्जे के खिलाफ दक्षिण पन्ना वन विभाग का बड़ा एक्शन! दो जगह अतिक्रमण हटाया, एक स्थान पर कब्जे की कोशिश नाकाम
वन सुरक्षा पखवाड़े में वन अमले की सख्त निगरानी, मोहंद्रा और शाहनगर क्षेत्र में विशेष गश्त के दौरान हुई कार्रवाई
पन्ना। वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने और जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पन्ना वनमंडल ने वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में वन विभाग की टीम ने मोहंद्रा और शाहनगर वन परिक्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक स्थान पर अतिक्रमण हटाया, जबकि दूसरे स्थान पर वनभूमि पर कब्जा करने के प्रयास को समय रहते विफल कर दिया।
मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा 12 से 24 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे वन सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत दक्षिण पन्ना वनमंडल में विशेष गश्त और निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी दौरान मोहंद्रा वन परिक्षेत्र की सिहारन बीट में गश्त के दौरान हल्लन आदिवासी एवं इमरत आदिवासी द्वारा वनभूमि पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। वन अमले द्वारा पूछताछ किए जाने पर संबंधित लोग अतिक्रमण के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में बिलपुरा परिक्षेत्र सहायक एवं उपवनक्षेत्रपाल देवी सिंह यादव, वनपाल हरिशंकर सहित वन सुरक्षा समिति के सुरक्षा श्रमिकों की भूमिका रही।
वहीं, शाहनगर वन परिक्षेत्र की कुनिया बीट में वन अमले ने सतर्कता दिखाते हुए वनभूमि पर अतिक्रमण की कोशिश को नाकाम कर दिया। यहां कुनिया बीट गार्ड रजनीश दुबे, लमतरा बीट गार्ड अक्षत त्यागी तथा सुरक्षा श्रमिक प्रहलाद सिंह एवं हनुमत सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रात में भी हो रही जंगलों की निगरानी
वन सुरक्षा पखवाड़े के दौरान दक्षिण पन्ना वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में दिन के साथ-साथ रात्रिकालीन गश्त भी की जा रही है। वन विभाग का विशेष फोकस वनभूमि पर नए अतिक्रमण रोकने, अवैध कटाई पर अंकुश लगाने और वन्यजीवों के शिकार जैसी गतिविधियों को रोकने पर है। पूर्व में अतिक्रमण से मुक्त कराई गई वनभूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वन विभाग की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि वनभूमि पर अवैध कब्जे और जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ विभाग ने निगरानी और कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया है।

