जंगली सूअर के हमले में ग्रामीण घायल, वन विभाग ने पहुंचकर दिलाया उपचार और दी तात्कालिक सहायता
पन्ना, मध्य प्रदेश। दक्षिण पन्ना वनमंडल के शाहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुधरौड़ में जंगली सूअर के हमले से एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना के बाद वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए घायल ग्रामीण को उपचार उपलब्ध कराने के साथ तात्कालिक सहायता भी प्रदान की।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुधरौड़ निवासी दयाराम यादव जंगली सूअर के हमले में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक टिकरिया श्रीनिवास पाण्डेय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचे और घायल का उपचार सुनिश्चित कराया। वन विभाग की ओर से पीड़ित ग्रामीण को नियमानुसार तात्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल एवं झाड़ियों वाले क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतें। जंगली सूअर दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे घेरने, पीछा करने या उकसाने का प्रयास न करें।
विभाग के अनुसार यदि जंगली सूअर हमला करने की स्थिति में हो तो किसी सुरक्षित स्थान, मजबूत पेड़ या अन्य अवरोध की आड़ लेकर स्वयं को सुरक्षित करें। किसी व्यक्ति के घायल होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें और घटना की सूचना वन विभाग को दें।

