पवई पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट कोड’, अब युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कंप्यूटर और कोडिंग की ट्रेनिंग
पन्ना/पवई। डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय पवई ने एक सराहनीय पहल की है। आयुक्त तकनीकी शिक्षा भोपाल के निर्देशानुसार महाविद्यालय में ‘कंप्यूटर ऑन डिमांड एजुकेशन’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘प्रोजेक्ट कोड’ की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों को भी आधुनिक कंप्यूटर तकनीक का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य मुक्ति नाथ मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल तकनीक में दक्ष बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
बेसिक कंप्यूटर से लेकर पाइथन और कोडिंग तक मिलेगी ट्रेनिंग
कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को बेसिक कंप्यूटर, इंटरनेट का उपयोग, डिजिटल लाइब्रेरी, कोडिंग, पाइथन एवं सी प्लस जैसी कंप्यूटर भाषाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कंप्यूटर हार्डवेयर में आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके त्वरित समाधान, साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे तक चलेगी कक्षाएं
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब में प्रतिदिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक किया जाएगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसमें महाविद्यालय के नियमित विद्यार्थियों के अलावा बाहरी विद्यार्थी और आम नागरिक भी शामिल हो सकेंगे।
कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी तथा 10वीं उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी भी प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। बाहरी विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सीटें सीमित होने के कारण इच्छुक प्रतिभागियों को जल्द पंजीयन कराने की सलाह दी गई है।
रजिस्ट्रेशन के लिए यहां करें संपर्क
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र गौतम बनाए गए हैं। उनके सहयोगी के रूप में दीपचंद अहिरवार, रमा सोनी, श्रीमती ज्योत्सना पटेल, प्रशांत कुमार एवं अवधेश धाकड़ प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
इच्छुक विद्यार्थी एवं नागरिक महाविद्यालय के कार्यालयीन समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक कंप्यूटर ब्रांच में नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र गौतम से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।
महाविद्यालय की यह पहल पवई और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के साथ डिजिटल कौशल विकसित करने और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

