पुराने कुएं में गिरा जंगली सूअर, दक्षिण पन्ना वन विभाग की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सुरक्षित निकालकर जंगल में छोड़ा
सलेहा रेंज के वन अमले ने दिखाई तत्परता, घंटों की मशक्कत के बाद वन्यजीव को सुरक्षित बचाया
पन्ना। वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति दक्षिण पन्ना वनमंडल का अमला लगातार सक्रिय है। इसी का उदाहरण सलेहा वन परिक्षेत्र में देखने को मिला, जहां ग्राम बिरहा के राजस्व क्षेत्र में स्थित एक पुराने कच्चे कुएं में जंगली सूअर गिर गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर जंगली सूअर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, सलेहा वन परिक्षेत्र की सलेहा बीट अंतर्गत ग्राम बिरहा में पुराने कच्चे कुएं में जंगली सूअर गिरने की जानकारी वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही वन अमले ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू की तैयारी शुरू की। टीम ने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ अभियान चलाया और जंगली सूअर को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास यानी जंगल की ओर छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू में वनकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरे रेस्क्यू अभियान में परिक्षेत्र सहायक सलेहा बालस्वरूप दहायत सहित वनकर्मी बिहारी यादव, मथुरा प्रसाद, महेंद्र अग्रहरि, उदय सिंह सिंगरौल, उमादत्त द्विवेदी, कुलदीप सिंह, रजनीश चौधरी, प्रीति दुबे एवं सुरक्षा श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वन्यजीव संकट में दिखें तो तत्काल दें सूचना
दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य स्थान पर फंसा हुआ दिखाई दे अथवा आबादी क्षेत्र में पहुंच जाए, तो उसके पास जाने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते वन्यजीव की सुरक्षित मदद की जा सके।
वन विभाग की तत्परता से एक बेजुबान वन्यजीव को नया जीवन मिला और उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाया जा सका।

