कटनी में जंगल के भीतर लाखों का जुआ फड़! पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 14 जुआरी गिरफ्तार, 7 फरार
भदौरा नंबर-02 के जंगल में पुलिस की घेराबंदी कर छापेमारी, 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल और 80,500 रुपये नकद जब्त; करीब 13 लाख का मशरुका बरामद
कटनी। जिले में अवैध जुआ कारोबार के खिलाफ कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भदौरा नंबर-02 के जंगल में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस की योजनाबद्ध घेराबंदी में मौके से 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस की भनक लगते ही 7 आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल फोन और 80 हजार 500 रुपये नकद सहित करीब 13 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध जुआ गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने घेराबंदी कर मारी दबिश
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भदौरा नंबर-02 के जंगल में संचालित जुआ फड़ की जानकारी मिलने पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 14 लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि 7 आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कीं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
14 आरोपियों को जेल, फरार 7 की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड संकलित कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। वहीं, मौके से फरार हुए सात आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अनामिक बेनर्जी, निवासी रबर फैक्ट्री रोड, कटनी।
- प्रिंस पाण्डेय, निवासी दिसाई माता मंदिर के पास, कटनी।
- अंकित बरगाही, निवासी दिसाई माता मंदिर के पास, कटनी।
- जुनैद खान, निवासी प्रेमनगर, कटनी।
- राज निषाद, निवासी बड़ी खिरहनी चौक, कटनी।
- मुकेश कुमार पटेल, निवासी कटंगी झलवारा के पास, थाना एनकेजे।
- पुष्पराज सिंह, निवासी राजीव गांधी वार्ड, कटनी।
- बसंत शर्मा, निवासी एनकेजे मेन मार्केट, कटनी।
- संजय बारकर, निवासी संतनगर, कटनी।
- संदीप गुप्ता, निवासी गायत्री नगर, कटनी।
- बल्ली निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, कटनी।
- अजय साहू, निवासी शास्त्री कॉलोनी, कटनी।
- आनंद निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, कटनी।
- सुरेंद्र चौधरी, निवासी भदौरा नंबर-02।
जब्त मशरुका:
- 80,500 रुपये नकद
- 08 मोटरसाइकिल
- 14 मोबाइल फोन
- कुल अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की तलाश कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

