Home » कटनी » कटनी » संजय जैन पर निस्तार गली की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का आरोप! निजी निर्माण की आड़ में 5×42 फीट की गली पर उठाई दीवार, नगर निगम और राजस्व विभाग की चुप्पी पर सवाल

संजय जैन पर निस्तार गली की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का आरोप! निजी निर्माण की आड़ में 5×42 फीट की गली पर उठाई दीवार, नगर निगम और राजस्व विभाग की चुप्पी पर सवाल

News Portal Development Companies In India

संजय जैन पर निस्तार गली की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का आरोप! निजी निर्माण की आड़ में 5×42 फीट की गली पर उठाई दीवार, नगर निगम और राजस्व विभाग की चुप्पी पर सवाल

कटनी। शहर में जमीनों पर कब्जे का कथित खेल अब लोगों की निस्तार सुविधाओं के लिए छोड़ी गई गलियों तक पहुंचता नजर आ रहा है। आदर्श कॉलोनी नई बस्ती के जयप्रकाश वार्ड क्रमांक 10 में निस्तार गली की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि संजय जैन, जो प्रेम राय के साले बताए जा रहे हैं, द्वारा अपने निजी निर्माण की आड़ में निस्तार के लिए छोड़ी गई गली पर भी दीवार खड़ी कर जमीन को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है। मामले ने नगर निगम और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

5 बाई 42 फीट की गली, आखिर किस अधिकार से हो रहा निर्माण?

मामला विभाष चंद्र गली में टोनी पान के सामने स्थित निस्तार गली का है। जानकारी के अनुसार, यह गली रजिस्ट्री एवं नक्शे में लगभग 5 बाई 42 फीट दर्ज बताई जा रही है। बताया जाता है कि पूर्व में अग्रवाल परिवार द्वारा आसपास के पांच लोगों के नहाने और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए इस गली को निस्तार के उद्देश्य से छोड़ा गया था। यह जगह स्थानीय रहवासियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती रही है।

oplus_65552

लेकिन अब आरोप है कि संजय जैन ने जमीन खरीदने के बाद अपने निजी निर्माण का दायरा बढ़ाते हुए निस्तार वाली गली की जमीन पर भी दीवार खड़ी करना शुरू कर दिया है। यदि दस्तावेजों और मौके की जांच में यह आरोप सही साबित होता है तो यह केवल निर्माण का मामला नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए छोड़ी गई बेशकीमती जमीन पर कथित कब्जे का गंभीर मामला होगा।

निजी निर्माण की आड़ में निस्तार गली पर कब्जे की कोशिश?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संबंधित गली का उल्लेख रजिस्ट्री और नक्शे में मौजूद बताया जा रहा है, तो फिर वहां दीवार खड़ी करने की नौबत कैसे आ गई? क्या निर्माण के दौरान निस्तार गली की जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच की गई? क्या संबंधित निर्माण को नगर निगम से अनुमति मिली है? यदि अनुमति मिली है तो क्या उसमें निस्तार गली की जमीन भी शामिल है?

स्थानीय लोगों के सामने यह चिंता खड़ी हो गई है कि यदि आज निस्तार गली पर दीवार खड़ी हो गई तो आने वाले समय में आसपास के लोगों की वर्षों पुरानी सुविधा पूरी तरह समाप्त हो सकती है।

नगर निगम और राजस्व विभाग की निगरानी पर सवाल

शहर के बीचोंबीच लाखों रुपये मूल्य की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश के आरोप लग रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा कहां है? राजस्व विभाग के अधिकारी और पटवारी मौके पर पहुंचकर सीमांकन क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले की जानकारी नहीं है?

एक ओर आम नागरिकों को छोटे-छोटे निर्माण कार्यों के लिए नियमों और अनुमतियों का पालन करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर निस्तार के लिए छोड़ी गई जमीन पर कथित निर्माण को लेकर सवाल उठना प्रशासनिक निगरानी की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

प्रशासन से तत्काल सीमांकन और कार्रवाई की मांग

अब जिला प्रशासन, नगर निगम आयुक्त और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग उठ रही है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संयुक्त जांच दल मौके पर भेजा जाए। रजिस्ट्री, स्वीकृत नक्शे और राजस्व अभिलेखों का मिलान कर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि निस्तार गली पर अवैध कब्जा अथवा नियम विरुद्ध निर्माण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए।

बड़ा सवाल: क्या संजय जैन के कथित कब्जे की होगी निष्पक्ष जांच या निस्तार गली पर खड़ी हो जाएगी निजी दीवार?

अब देखना यह होगा कि नगर निगम और राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हैं। क्या प्रशासन मौके पर पहुंचकर निस्तार गली को बचाने के लिए कार्रवाई करेगा या फिर शिकायतों और आरोपों के बीच जमीन का स्वरूप ही बदल जाएगा?

फिलहाल संजय जैन पर लगाए गए कब्जे के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। संबंधित दस्तावेजों की जांच और प्रशासनिक सीमांकन से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। संजय जैन तथा संबंधित विभागों का पक्ष भी सामने आना शेष है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?