चाका-पुरैनी से झिंझरी तक जर्जर सड़क का मुद्दा गरमाया, एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने निगम अध्यक्ष को सौंपा पत्र
नवरात्र-दशहरा से पहले सड़क सुधार की मांग, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आयुक्त को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कटनी। नगर निगम सीमा अंतर्गत चाका-पुरैनी से झिंझरी तक शहर को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ चुकी है। इस समस्या को लेकर नगर पालिक निगम के एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक से मुलाकात कर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग को लेकर पत्र सौंपा।
एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने पत्र के माध्यम से बताया कि चाका-पुरैनी से झिंझरी तक अधिकांश हिस्सों में सड़क की स्थिति खराब है। विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर मोड़, पुरानी सब्जी मंडी, पन्ना तिराहा, कुठला, अहमद नगर, रचना नगर मोड़, बस स्टैंड, जगन्नाथ चौक से बरगवां फ्लाईओवर, आस्था प्लाजा, डन कॉलोनी, कटाये घाट मोड़, माधवनगर गेट तथा कलेक्ट्रेट-वन विभाग क्षेत्र से झिंझरी तक कई स्थानों पर सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है।
यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ ग्रामीण, स्कूली बच्चे और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
नवरात्र-दशहरा से पहले मरम्मत की मांग
आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को देखते हुए इस मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क की आवश्यक मरम्मत एवं गड्ढों के सुधार का कार्य प्राथमिकता से कराने की मांग की है।
एल्डरमैन ने निगम अध्यक्ष से अनुरोध किया कि चाका-पुरैनी से झिंझरी तक पूरे मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग अथवा एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सड़क की समस्या का शीघ्र निराकरण हो सके।
जनहित की मांग पर त्वरित पहल करते हुए नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर उक्त समस्या के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

