रंगों, शब्दों और जंगल की सैर से गूंजा संरक्षण का संदेश
वन्यजीव संरक्षण सप्ताह में दक्षिण पन्ना वनमंडल के चार वन परिक्षेत्रों में हुए विविध आयोजन, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
पन्ना, मध्य प्रदेश। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह 1 से 7 अक्टूबर 2026 के अवसर पर दक्षिण पन्ना वनमंडल के कल्दा, सलेहा, मोहन्द्रा और शाहनगर वन परिक्षेत्रों में वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन समितियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता से चित्रकला, निबंध, गीत, कविता, क्विज, कहानी, जंगल भ्रमण, पौधारोपण और संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित कर प्रकृति एवं जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया गया।
कल्दा में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
कल्दा वन परिक्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल सारंगपुर में विद्यार्थियों ने चित्रकला और निबंध के साथ गीत एवं कहानी प्रस्तुतियों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
वन परिक्षेत्राधिकारी अजीत सिंह जाट ने विद्यार्थियों को वन एवं वन्यजीवों के पारिस्थितिक महत्व की जानकारी देते हुए युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
सलेहा में जंगल भ्रमण और पौधारोपण
सलेहा वन परिक्षेत्र में पटना-तमोली हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें वन पारिस्थितिकी तंत्र, स्थानीय वनस्पतियों, जैव विविधता और वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवासों की जानकारी दी गई।
विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। पर्यावरणविद् अजय चौरसिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। वहीं बांधौरा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता से पौधारोपण और संरक्षण-संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने वन क्षेत्रों को आग, अवैध कटाई, अवैध शिकार और अन्य अवैध गतिविधियों से सुरक्षित रखने तथा वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का सामूहिक संकल्प लिया।
मोहन्द्रा में गीत, कविता और क्विज से जागरूकता
मोहन्द्रा वन परिक्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, कविता, क्विज, नारे और स्लोगन के माध्यम से वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को वन, पर्यावरण और जैव विविधता के महत्व की जानकारी देते हुए संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
वनपाल जगदीश प्रसाद अहिरवार एवं वनरक्षक राजू अहिरवार ने विद्यार्थियों के साथ वन एवं वन्यजीवों से जुड़े अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और वनकर्मियों की सहभागिता रही।
शाहनगर में 60 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा
शाहनगर वन परिक्षेत्र के सांदीपनि विद्यालय में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 60 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में नंदिनी सिंह प्रथम, दिव्यांशी राज अहिरवार द्वितीय और रितिका सिंह तृतीय रहीं।
वहीं निबंध प्रतियोगिता में स्वतंत्रता यादव प्रथम, प्राची राय द्वितीय और मोनिका सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को शील्ड, प्रमाण-पत्र और स्कूल बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों में प्रकृति एवं जैव विविधता के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा प्रकाशित ‘औषधीय पौधे’ और ‘तितलियाँ’ पुस्तकों का भी वितरण किया गया।
विद्यार्थियों और समुदाय की सहभागिता पर जोर
वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य वन एवं वन्यजीव संरक्षण को केवल विभागीय जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को भी इससे जोड़ना रहा। प्रतियोगिताओं, जंगल भ्रमण, पौधारोपण और सामूहिक संकल्प के माध्यम से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जैव विविधता की समझ और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा युवा पीढ़ी और स्थानीय समुदाय की सहभागिता को दीर्घकालीन वन एवं वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण आधार के रूप में प्रोत्साहित किया जा रहा है।

