Home » कटनी » कटनी स्टेशन शराब दुकान के बाहर अवैध चखना दुकानों का जमावड़ा, गंदगी और मारपीट से परेशान लोग! आखिर जिम्मेदार विभाग कब करेगा कार्रवाई?

 कटनी स्टेशन शराब दुकान के बाहर अवैध चखना दुकानों का जमावड़ा, गंदगी और मारपीट से परेशान लोग! आखिर जिम्मेदार विभाग कब करेगा कार्रवाई?

News Portal Development Companies In India

 कटनी स्टेशन शराब दुकान के बाहर अवैध चखना दुकानों का जमावड़ा, गंदगी और मारपीट से परेशान लोग! आखिर जिम्मेदार विभाग कब करेगा कार्रवाई?

कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी रेलवे स्टेशन के पास संचालित शराब दुकान के बाहर अव्यवस्थाओं का आलम लगातार बढ़ता जा रहा है। शराब दुकान के आसपास अवैध रूप से चखना दुकानों का संचालन, पानी पाउच और डिस्पोजल की बिक्री तथा खुलेआम शराब पीने वालों की भीड़ स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि शराब दुकान के बाहर सार्वजनिक स्थान पर बैठकर मदिरापान किया जाता है और इसके बाद खाली डिस्पोजल, पानी पाउच एवं अन्य कचरा सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैला दिया जाता है।

सबसे गंभीर चिंता का विषय यहां आए दिन होने वाली मारपीट और विवाद हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आए घटनाक्रमों के वीडियो कई बार सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक ऐसी कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही, जिससे इन गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। सवाल यह है कि जब घटनाओं के वीडियो सार्वजनिक हो रहे हैं और क्षेत्र में लगातार अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो फिर जिम्मेदार विभाग आखिर किस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं?

पुलिस, नगर निगम और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी पर उठ रहे सवाल

शराब दुकान के बाहर पानी पाउच, डिस्पोजल और चखना सामग्री बेचने वालों के कारण सार्वजनिक स्थान पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर सार्वजनिक स्थान पर लगातार कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? वहीं पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सार्वजनिक स्थान पर होने वाले विवाद, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करे।

दूसरी ओर आबकारी विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जांच और निरीक्षण के नाम पर औपचारिकता होती दिखाई देती है, लेकिन शराब दुकान के आसपास संचालित हो रही अवैध गतिविधियों पर ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती।

आखिर जवाबदेही किसकी?

रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक क्षेत्र के आसपास इस तरह की अव्यवस्थाएं शहर की छवि पर भी असर डालती हैं। यदि शराब दुकान के बाहर अवैध रूप से चखना दुकानें संचालित हो रही हैं, सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी हो रही है, कचरा फैलाया जा रहा है और आए दिन विवाद एवं मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो इसकी जवाबदेही तय होना जरूरी है।

अब जरूरत है कि कोतवाली पुलिस, नगर निगम और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करें। अवैध चखना दुकानों की जांच, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई, कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना और मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं, या फिर कटनी स्टेशन के आसपास की इस समस्या पर समय रहते कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?

स्थानीय नागरिकों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?