Home » कटनी » कटनी » कटनी में 23 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव, तीन चरणों में होंगे सेवा और भक्ति के आयोजन

कटनी में 23 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव, तीन चरणों में होंगे सेवा और भक्ति के आयोजन

News Portal Development Companies In India

कटनी में 23 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव, तीन चरणों में होंगे सेवा और भक्ति के आयोजन

कटनी। सत्य, धर्म, शांति, प्रेम, अहिंसा और निःस्वार्थ सेवा का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित करने वाले भगवान श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव 23 नवंबर 2026 को कटनी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा तीन चरणों में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से भक्ति के साथ जरूरतमंदों की सेवा का संदेश भी दिया जाएगा।

सुबह 5:06 बजे से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन

जन्मोत्सव के प्रथम चरण का शुभारंभ प्रातः 5:06 बजे नई बस्ती स्थित सिंधु भवन से होगा। इस दौरान साई जन्म, ओंकारम्, सुप्रभातम्, नगर संकीर्तन (प्रभातफेरी) एवं साई जलाभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भक्तजन भजन-कीर्तन और प्रभातफेरी के माध्यम से बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे।

नारायण सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों को मिलेगा भोजन

जन्मोत्सव के द्वितीय चरण में सुबह 11 बजे वृहद नारायण सेवा का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरित किए जाएंगे। वहीं, जिला चिकित्सालय में मरीजों के परिजनों के लिए संचालित नित्य नारायण सेवा भी प्रतिदिन की तरह सुबह 9:30 बजे जारी रहेगी। समिति द्वारा वर्षों से नियमित रूप से यह सेवा की जा रही है।

सायं 5:30 बजे होगा मुख्य जन्मोत्सव समारोह

कार्यक्रम का तृतीय एवं मुख्य चरण सायं 5:30 बजे नई बस्ती स्थित सिंधु भवन, कटनी में आयोजित होगा। इसमें वेदपाठ, साई भजन संध्या, वक्ताओं द्वारा श्री सत्य साई बाबा की जीवनी एवं उनके दिव्य संदेशों का वाचन, जन्मोत्सव केक कटिंग तथा समिति द्वारा निःशुल्क संचालित बाल विकास के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

17 नवंबर से चल रहा साई सप्ताह, 23 नवंबर को होगा समापन

उल्लेखनीय है कि श्री सत्य साई बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 17 नवंबर से साई सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत प्रतिदिन प्रातः 5:15 बजे प्रभातफेरी और शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है। इन कार्यक्रमों का समापन 23 नवंबर को भव्य साई जन्मोत्सव के साथ होगा।

श्री सत्य साई सेवा समिति ने शहरवासियों, श्रद्धालुओं एवं साई भक्तों से अपने इष्ट-मित्रों और परिवार सहित सभी आयोजनों में शामिल होकर बाबा के प्रेम, सेवा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने तथा आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने की अपील की है।

जय साई राम!

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?