सुगम आवागमन के लिए निगम,पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई
बाजार क्षेत्रों से हटाए अतिक्रमण, बरसी मेला को लेकर माधवनगर में भी चला विशेष अभियान
कटनी। नगर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम, पुलिस विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से मुख्य बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान नगर के मुख्य बाजार क्षेत्रों रुई बाजार ,सुभाष चौक,झंडा बाजार, बरही रोड , मुख्य स्टेशन रोड सहित अन्य स्थलों में सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अस्थायी अतिक्रमणों को हटाते हुए सामग्री जब्त करने की कार्यवाही की गई तथा दुकानदारों को निर्धारित सीमा में ही सामग्री रखने की समझाइश दी गई।
मुख्य बाजार क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए निगम एवं यातायात अमले ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा।
वही बरसी मेला के मद्देनजर माधवनगर में भी विशेष कार्रवाई की गई। मेला क्षेत्र एवं आसपास के मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए जोन कार्यालय, पंचायत चौराहा, बंगला लाइन मार्गों से अवरोध हटाए गए तथा दुकानदारों एवं व्यापारियों को आवागमन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
उपरोक्त कार्यवाही के दौरान यातायात प्रभारी अनूप सिंह ,अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित पुलिस एवं नगर निगम का अतिक्रमण अमला मौजूद रहा।
निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ एवं सड़क के हिस्से पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना निगम प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों और व्यापारियों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

