Home » पन्ना » पन्ना में 11 हजार केवी करंट से जंगली सुअर का शिकार करने वाला शिकारी गिरफ्तार! डॉग स्क्वाड ने खोला राज, आरोपी नत्थू कुशवाहा पहुंचा जेल

पन्ना में 11 हजार केवी करंट से जंगली सुअर का शिकार करने वाला शिकारी गिरफ्तार! डॉग स्क्वाड ने खोला राज, आरोपी नत्थू कुशवाहा पहुंचा जेल

News Portal Development Companies In India

पन्ना में 11 हजार केवी करंट से जंगली सुअर का शिकार करने वाला शिकारी गिरफ्तार! डॉग स्क्वाड ने खोला राज, आरोपी नत्थू कुशवाहा पहुंचा जेल

पन्ना/धरमपुर। वन्यजीवों के शिकार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सुरक्षा पखवाड़े के तहत उत्तर वन मंडल पन्ना के धरमपुर वन परिक्षेत्र की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग ने 11 हजार केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन से जीआई तार जोड़कर जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में धरमपुर निवासी नत्थू कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय अजयगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पन्ना जेल भेज दिया गया।

हाईटेंशन लाइन से जोड़ा जीआई तार, खेत में बिछाया था मौत का जाल

जानकारी के अनुसार उत्तर वन मंडल पन्ना में 12 से 24 नवंबर 2026 तक विशेष सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 नवंबर की रात वन परिक्षेत्र अधिकारी धरमपुर मनोज सिंह अपने वन अमले के साथ बीट कुड़रा के वन कक्ष क्रमांक P-55 में रात्रि गश्त कर रहे थे।

गश्त के दौरान टीम को विद्युत लाइन के नीचे एक खेत में बांस की लग्गियों और खूंटियों के सहारे बिछाया गया जीआई तार दिखाई दिया। जांच करने पर पास ही एक जंगली सुअर मृत अवस्था में मिला। उसके शरीर पर करंट और चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन से करंट प्रवाहित कर वन्यजीव का शिकार किए जाने की बात सामने आई।

डॉग स्क्वाड ने आरोपी के घर तक पहुंचकर पुख्ता किए साक्ष्य

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने खेत के रखवाले की जानकारी जुटाई। पूछताछ में धरमपुर निवासी नत्थू कुशवाहा पिता स्वामीदीन कुशवाहा का नाम सामने आया। वन विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने जीआई तार को 11 हजार केवी विद्युत लाइन से जोड़कर शिकार करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। खोजी श्वान ने घटनास्थल से गंध के आधार पर सर्च करते हुए सीधे आरोपी के खेत में बने कच्चे घर तक पहुंचकर जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में मदद की।

अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम, सुरक्षित किए फोरेंसिक सैंपल

वनमंडलाधिकारी उत्तर पन्ना श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में मृत वन्यजीव का पशु चिकित्सक डॉ. अजय सचान द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान उपवनमंडलाधिकारी मनोज सिंह जाटव, नायब तहसीलदार महाराज सिंह एवं एमपीसी सहर्ष एनजीओ पन्ना के चंद्रभान तिवारी मौजूद रहे। फोरेंसिक जांच के लिए आवश्यक सैंपल भी सुरक्षित किए गए। इसके बाद सरपंच ग्राम पंचायत धरमपुर प्रबल प्रताप सिंह, ग्राम वन समिति अध्यक्ष कुड़रा और वन अधिकारियों की उपस्थिति में वन्यजीव का विधिवत भस्मीकरण किया गया।

वन विभाग की कार्रवाई से शिकारियों में हड़कंप

वन विभाग ने आरोपी नत्थू कुशवाहा के विरुद्ध वन अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी धरमपुर मनोज सिंह सहित वन विभाग के समस्त कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। सुरक्षा पखवाड़े के तहत विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वन्यजीवों के शिकार और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?