बड़वारा में घर के पीछे बाड़ी में उगा रखे थे गांजे के 32 पौधे, पुलिस ने 21 किलो गांजा किया जब्त
2.04 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
कटनी/बड़वारा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी से गांजे के 32 हरे पौधे, कुल वजन करीब 21 किलो बरामद किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवरी हटाई के यादव मोहल्ला में रामकुमार यादव ने अपने घर के पीछे बाड़ी में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना पर बड़वारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तस्दीक के बाद कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मौके से रामकुमार यादव पिता स्वर्गीय मद्धा यादव, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी हटाई, थाना बड़वारा के घर के पीछे बाड़ी में लगे गांजे के 32 हरे पौधे बरामद किए। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।

