दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, बरही अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल
तीन मंजिला इमारत में आधी रात को लगी भीषण आग, दो माह का मासूम भी नहीं बच सका; दमकल वाहनों की खराब पाइप और राहत कार्य में देरी ने बढ़ाई लोगों की चिंता
कटनी/बरही। दीपावली की रात कटनी जिले के बरही नगर में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। आधी रात को क्राकरी दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और महज दो माह का मासूम शामिल है।
रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में आग भड़की। कुछ ही देर में आग इतनी विकराल हो गई कि पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। उन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने रातभर प्रयास किए, लेकिन सुबह होने तक छह जिंदगियां बुझ चुकी थीं।
सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे बरही में शोक छा गया।
दमकल की खराब व्यवस्था ने खड़े किए गंभीर सवाल
इस घटना में सबसे चिंताजनक बात दमकल वाहनों की स्थिति को लेकर सामने आई। स्थानीय जानकारी के अनुसार नगर परिषद बरही का दमकल वाहन रात करीब एक बजे पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके बाद विजयराघवगढ़ से पहुंची दमकल की पाइप में भी खराबी बताई गई। बाद में कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए।
दीपावली जैसे पर्व पर, जब आगजनी की घटनाओं का खतरा अधिक रहता है, तब दमकल वाहनों की ऐसी स्थिति ने अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासनिक तत्परता को लेकर भी नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के शुरुआती घंटों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नहीं दिखाई दी। लोगों ने तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया। सुबह करीब चार बजे बरही पुलिस के एसआई विनोदकांत सिंह और दिनेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे। सुबह सात बजे विजयराघवगढ़ से एसडीओपी विनरेंद्र धारवे भी घटनास्थल पहुंचे।
नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और कर्मचारी तीरथ चतुर्वेदी रिंकू पूरी रात राहत कार्य में जुटे रहे।
स्थानीय युवाओं ने संभाला मोर्चा
भीषण आग के बीच बरही के युवाओं ने भी साहस दिखाया। मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार सहित अन्य युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और बचाव कार्य में सहयोग किया।
हादसे में रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन परिवार के अन्य छह सदस्य जिंदगी की जंग हार गए।
अब जवाबदेही तय करने की मांग
बरही का यह अग्निकांड कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। क्या दमकल वाहनों की नियमित जांच नहीं होनी चाहिए थी? त्योहार के दौरान अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह तैयार क्यों नहीं थी? क्या समय पर बेहतर संसाधन और राहत कार्य उपलब्ध होते तो कुछ जिंदगियां बचाई जा सकती थीं?
नगरवासियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दमकल व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। छह लोगों की मौत ने पूरे नगर को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब देखना होगा कि इस हृदयविदारक हादसे के बाद जिम्मेदार विभागों पर क्या कार्रवाई होती है।

