दीपावली के बाद माता कलेही के दरबार पहुंची मोनियों की टोली, दिवारी नृत्य से बांधा समां
गोवर्धन पूजा की बुंदेली परंपरा का दिखा अनूठा रंग, माता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मांगी कामना
पन्ना (मध्यप्रदेश)। बुंदेलखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की अनूठी झलक दीपावली के पावन पर्व पर देखने को मिल रही है। इसी क्रम में सोमवार को मोनियों की टोली श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रसिद्ध माता कलेही मंदिर पहुंची। यहां टोली के सदस्यों ने विधि-विधान से माता कलेही की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पारंपरिक दिवारी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
उल्लेखनीय है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर ग्वाला एवं यादव समाज के लोग सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं। पशुपालन और गौसेवा से जुड़े इस समाज में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति विशेष आस्था है। दीपावली के आसपास मोनियों की टोलियां मंदिरों में पहुंचकर भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान करती हैं। कई स्थानों पर व्रत-उपवास रखकर रात्रि जागरण की परंपरा भी निभाई जाती है।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौवंश के प्रति सम्मान और आस्था प्रकट करने वाली पारंपरिक रस्में भी निभाई जाती हैं। बुंदेलखंड की यह लोक परंपरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी जीवंत बनाए हुए है।
माता कलेही मंदिर पहुंची मोनियों की टोली ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए माता के चरणों में शीश नवाया। दर्शन-पूजन के पश्चात मंदिर के पुजारी डॉ. हरिकेश बड़ोलिया ने सभी मोनियों को खीर का प्रसाद वितरित किया। साथ ही चाय और बिस्कुट से उनका स्वागत-सत्कार किया।
इस दौरान दिवारी नृत्य और पारंपरिक धार्मिक उल्लास ने माहौल को और भी खास बना दिया। मोनियों की टोली की इस धार्मिक यात्रा ने बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और माता के प्रति अटूट आस्था की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

