खबर के बाद जागा पुलिस और आबकारी विभाग, कटनी स्टेशन शराब दुकान के बाहर से हटवाए गए अवैध चखना सेंटर, शराबियों को खदेड़ा
गंदगी और विवादों पर प्रशासन की सख्ती, कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग ने मौके पर पहुंचकर दी चेतावनी, दोबारा दुकानें लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन के समीप संचालित शराब दुकान के बाहर अवैध रूप से लगाए जा रहे चखना सेंटरों, सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी, गंदगी और आए दिन होने वाले विवादों को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस प्रशासन और जिला आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए शराब दुकान के बाहर संचालित चखना दुकानों को तत्काल हटवाया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में चखना सेंटर संचालित करने वालों को सख्त समझाइश दी गई कि भविष्य में यहां दोबारा दुकानें न लगाई जाएं और न ही आसपास गंदगी फैलाई जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा इस तरह की गतिविधियां संचालित होती पाई गईं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरहनी चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान शराब दुकान के बाहर खुलेआम शराब पी रहे लोगों को तत्काल वहां से हटवाया। पुलिस ने शराब दुकान संचालक को भी हिदायत दी कि दुकान के बाहर किसी को भी शराब पीने की अनुमति न दी जाए। यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर हंगामा करता है, गंदगी फैलाता है या विवाद की स्थिति निर्मित करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
स्थानीय लोगों द्वारा शराब दुकान के आसपास अवैध चखना दुकानों के संचालन, गंदगी, सार्वजनिक रूप से शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर लगातार नाराजगी जताई जा रही थी। इन अव्यवस्थाओं के कारण राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खबर के माध्यम से जिम्मेदार विभागों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, जिसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की औपचारिकता बनकर रह जाती है या फिर जिम्मेदार विभाग नियमित निगरानी कर स्टेशन परिसर के आसपास स्वच्छता, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थायी कदम उठाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रशासन की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी, ताकि रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को शराबियों के जमावड़े, गंदगी और विवादों से राहत मिल सके।

