24 नवंबर से गूंजेगी कटाएघाट मेले की रौनक, भव्य आयोजन के लिए नगर निगम ने कसी कमर
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, श्रद्धालुओं की सुविधा से लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और सांस्कृतिक आयोजनों तक की बनाई कार्ययोजना
कटनी। शहर की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र कटाएघाट में एक बार फिर मेले की रौनक सजने जा रही है। 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले श्री बजरंग कटाएघाट मेले को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और नागरिकों की भीड़ को देखते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम द्वारा कटनी नदी के किनारे आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को श्री बजरंग बली की भव्य शोभायात्रा एवं मेला जुलूस दोपहर 2 बजे मधई मंदिर के पास से निकाला जाएगा। इसके साथ ही मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। निगम प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों की तय हुई जिम्मेदारी, समय-सीमा में पूरे होंगे काम
मेले की व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन और समन्वय के लिए प्रियंका झारिया को मेला प्रभारी तथा राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक को सहायक मेला प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पहुंच मार्गों की मरम्मत, मेला परिसर का ले-आउट तैयार करने, पंडाल निर्माण, बैठक व्यवस्था और आवश्यक निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं को सौंपी गई है।
मेले के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कटनी नदी के दोनों किनारों एवं घाटों पर बैरिकेडिंग, पेयजल की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान
मेले में दुकानों एवं स्टॉलों के लिए व्यवस्थित स्थान आवंटन, वाहन स्टैंड, शासकीय विभागों की प्रदर्शनी तथा अतिक्रमण नियंत्रण की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी गई है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मेला परिसर और पहुंच मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा रात्रिकालीन चौकीदारी, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि मेले में आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम बढ़ाएंगे मेले की रौनक
इस वर्ष मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ विज्ञान प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इनके सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंच संचालन, प्रतिभागियों की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, पोस्टर, पंपलेट, बैनर, माइक अनाउंसमेंट तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
आयोजन के बाद भी रहेगी निगम की जिम्मेदारी
नगर निगम प्रशासन ने मेले के दौरान दुकानों को व्यवस्थित रखने, अतिक्रमण रोकने, वाहन पार्किंग और रात्रिकालीन सुरक्षा के साथ आयोजन समाप्त होने के बाद मूर्ति विसर्जन एवं पूरे परिसर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मेला प्रभारी के मार्गदर्शन में अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर कार्यों का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
कुल मिलाकर नगर निगम प्रशासन इस बार कटाएघाट मेले को बेहतर व्यवस्थाओं, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षा और आकर्षक सांस्कृतिक आयोजनों के साथ यादगार बनाने की तैयारी में जुटा है। अब देखना होगा कि अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां धरातल पर कितनी प्रभावी ढंग से नजर आती हैं।

