Home » कटनी » कटनी » कटनी में जगह-जगह सज रही 52 पत्तों के जुए की महफिल, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध कारोबार! जंगलों और सुनसान इलाकों में बदल रहे ठिकाने

कटनी में जगह-जगह सज रही 52 पत्तों के जुए की महफिल, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध कारोबार! जंगलों और सुनसान इलाकों में बदल रहे ठिकाने

News Portal Development Companies In India

कटनी में जगह-जगह सज रही 52 पत्तों के जुए की महफिल, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध कारोबार! जंगलों और सुनसान इलाकों में बदल रहे ठिकाने

कहीं मंदिर के पास तो कहीं जंगलों में चल रहे जुआ फड़, दूर-दराज से पहुंच रहे जुआरी; फड़ संचालक नाल काटकर कमा रहे मोटी रकम, आखिर कब टूटेगा इस अवैध कारोबार का नेटवर्क?

कटनी। जिले में 52 पत्तों के सहारे जुए का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जगह-जगह जुए की महफिल सजने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कटनी पुलिस समय-समय पर जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी सक्रियता तो दिखा रही है, लेकिन इसके बावजूद जुआ फड़ संचालित करने वालों के हौसले पूरी तरह पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए गतिविधियां शांत होती हैं, लेकिन फिर नए ठिकाने पर जुए का खेल शुरू होने की शिकायतें सामने आने लगती हैं।

बताया जा रहा है कि जुआ फड़ संचालित करने वाले लोग पुलिस की नजरों से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते हैं। कभी जंगलों और सुनसान स्थानों पर तो कभी ग्रामीण क्षेत्रों के दूरस्थ इलाकों में जुए की महफिल सजाई जाती है। इन फड़ों पर दूर-दराज के क्षेत्रों से जुआ खेलने वाले लोग पहुंचते हैं और घंटों तक 52 पत्तों का खेल चलता रहता है। इस पूरे खेल में फड़ संचालित करने वाले कथित तौर पर नाल काटकर बिना जोखिम उठाए मोटी रकम कमाते हैं। ऐसे में जुए के इस कारोबार में खिलाड़ियों से ज्यादा फायदा फड़ संचालकों को होने की बात कही जा रही है।

मंदिर के पास चल रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने पांच को पकड़ा

हाल ही में स्लिमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम निमास में आसमानी मंदिर के पास चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस टीम ने दबिश देकर पांच लोगों को पकड़ने की कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से राजेश सोनी निवासी तेवरी, वीरेंद्र रजक (35 वर्ष) निवासी निमास, वीरेंद्र आदिवासी (35 वर्ष) निवासी तिलहारी, राजेंद्र काछी (55 वर्ष) निवासी अमोच और संतोष कुमार यादव (37 वर्ष) निवासी ग्राम अमोच को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,800 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए।

कार्रवाई के बाद भी आखिर कैसे संचालित हो रहे जुआ फड़?

स्लिमनाबाद क्षेत्र में मंदिर के पास जुआ फड़ मिलने की यह कार्रवाई एक बार फिर जिले में चल रहे अवैध जुआ कारोबार की ओर ध्यान आकर्षित करती है। सवाल यह है कि जब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तो आखिर जुआ फड़ संचालित करने वालों तक कानून का खौफ क्यों नहीं पहुंच पा रहा है? क्या इन फड़ों के संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही या फिर कार्रवाई के बाद भी उनका नेटवर्क दोबारा सक्रिय हो जाता है?

जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जुए की गतिविधियों को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच जरूरत है कि पुलिस केवल मौके पर जुआ खेलते लोगों को पकड़ने तक सीमित न रहे, बल्कि जुआ फड़ संचालित करने वालों, नाल काटने वालों और इस पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने वाले संभावित लोगों की भी जांच करे।

अब देखना यह होगा कि कटनी पुलिस इन बदलते ठिकानों पर संचालित हो रहे जुए के अवैध कारोबार पर कितनी प्रभावी लगाम लगा पाती है या फिर 52 पत्तों की यह महफिल इसी तरह नए-नए ठिकानों पर सजती रहेगी।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?